नई दिल्ली | शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में देश के वंचित जिलों में 85 केंद्रीय विद्यालय और 28 नए नवोदय विद्यालय स्थापित करने को मंजूरी प्रदान की गई है. बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नई शिक्षा नीति को लागू करने के लिए पीएम श्री लाया गया है.

उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा हासिल करेंगे छात्र
उन्होंने बताया कि सभी केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों को पीएम श्री स्कूल के रूप में नामित किया गया ताकि उन्हें अन्य स्कूलों के लिए एक मॉडल बनाया जा सके. इन नए केंद्रीय विद्यालयों के खुलने से देश भर में 82 हजार से ज्यादा बच्चों को सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 2025- 26 तक 8 वर्षों की अवधि में 85 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना और एक मौजूदा केंद्रीय विद्यालय के विस्तार के लिए राशि की कुल अनुमानित आवश्यकता 5,872.08 करोड़ रुपये है.
1256 कार्यात्मक केंद्रीय विद्यालय
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि फिलहाल 1,256 कार्यात्मक केंद्रीय विद्यालय हैं, जिनमें 3 विदेश मॉस्को, काठमांडू और तेहरान शामिल हैं. वर्तमान में 13.56 लाख स्टूडेंट्स इन स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं.