हिसार | हरियाणा के हिसार में उकलाना खंड के बिठमड़ा गांव के लिए एक गौरवमई खबर सामने आई है. यहां के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सौंदर्यीकरण में बाजी मारते हुए पूरे हिसार जिले में टॉप किया है. पहला स्थान हासिल करने पर स्कूल को 1 लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि से नवाजा गया है. अपनी इस विशेष उपलब्धि की बदौलत आज स्कूल ग्रामीणों की आंख का तारा बन गया है.
प्रदेश स्तर पर नंबर1 रहने की उम्मीद
हेड मास्टर सतबीर पूनिया ने बताया कि सीएम सौंदर्यीकरण योजना के तहत पहले ब्लॉक लेवल पर स्कूलों को चयनित किया जाता है. यहां बिठमड़ा गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल को उकलाना ब्लॉक में पहला स्थान प्राप्त होने पर 50 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि मिली है. इसके बाद, जिला स्तर पर भी इस स्कूल ने उत्कृष्टता के आधार पर पहला स्थान हासिल करते हुए 1 लाख रूपए की राशि से पुरस्कृत होने का अवसर मिला है.
उन्होंने बताया कि अब प्रदेश स्तर पर चयन प्रक्रिया के तहत सर्वश्रेष्ठ स्कूल को चयनित किया जाएगा. स्कूल प्रबंधन को उम्मीद है कि स्कूल की सुंदरता और व्यवस्था इसे प्रदेश स्तर पर भी विजेता बनाने का काम करेगी. पूनिया ने बताया कि इस स्कूल की बिल्डिंग का निर्माण 1955 में किया गया था, लेकिन 70 साल बीत जाने के बावजूद भी बिल्डिंग आज भी ज्यों कि त्यों है. स्कूल की दीवारों पर की गई चित्रकारी इसकी सुंदरता में चार चांद लगा रही है.
सरपंच प्रतिनिधि ने दी बधाई
स्कूल की इस विशेष उपलब्धि पर गांव के सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप धतरवाल ने हेडमास्टर सहित सभी स्टाफ मेम्बर्स को बधाई दी. उन्होंने कहा कि स्कूल की खूबसूरती बढ़ाने में सबका विशेष योगदान रहा है. हरा- भरा वातावरण, साफ- सफाई और चित्रकारी के विशेष प्रयासों ने स्कूल को एक आकर्षक स्वरूप दिया है. इन्हीं प्रयासों के चलते यह सरकारी स्कूल न केवल जिला, बल्कि आसपास के क्षेत्र में भी सुर्खियां बटोर रहा है.
