फरीदाबाद | शहर में रोजाना जाम से जूझने वाले लोगों के लिए अच्छी सड़क किसी बड़ी राहत से कम नहीं होती। खासकर नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और विद्यार्थियों को आने-जाने में काफी समय बर्बाद करना पड़ता है। फरीदाबाद में सैनिक कॉलोनी मोड़ से ग्रेटर फरीदाबाद तक प्रस्तावित एलिवेटेड सड़क से इस परेशानी को कम करने की उम्मीद है। बता दें कि इस सड़क के बनने से शहर के दोनों हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हो सकती है।

30 से 40 मिनट में पूरा होने वाला सफर व्यस्त समय और बारिश के दौरान एक घंटे से ज्यादा लेता है। परियोजना पूरी होने के बाद यही दूरी करीब 10 मिनट में तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मिलेगी राहत
इस रूट पर जगह-जगह जाम, जलभराव और खराब यातायात व्यवस्था के कारण लोगों को परेशानी होती है। एलिवेटेड सड़क बनने से ग्रेटर फरीदाबाद के निवासियों को शहर के प्रमुख हिस्सों तक पहुंचने में आसानी होगी। इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और विद्यार्थियों का समय बचेगा। बता दें कि बेहतर कनेक्टिविटी का असर सीधे रियल एस्टेट कारोबार पर पड़ सकता है। कारोबारियों का मानना है कि सड़क बनने से ग्रेटर फरीदाबाद में फ्लैट और प्लॉट खरीदने वालों की दिलचस्पी बढ़ेगी। नए निवेशक आकर्षित हो सकते हैं और निर्माणाधीन परियोजनाओं को भी फायदा मिल सकता है।
तरंग ग्रुप के चेयरमैन संजीव अग्रवाल के मुताबिक, बेहतर सड़क संपर्क से खरीदारों का भरोसा बढ़ेगा और रियल एस्टेट में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, उद्यमी शम्मी कपूर का कहना है कि इससे कर्मचारियों और कारोबारियों दोनों का समय बचेगा।
वाहन चालकों को फायदा
विजयपाल भारद्वाज अरुआ के अनुसार, ग्रेटर फरीदाबाद में पांच लाख से अधिक लोग रहते हैं। एलिवेटेड सड़क बनने से उन्हें सैनिक कॉलोनी की ओर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने करीब दो लाख वाहन चालकों को राहत मिलने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद जताई। वहीं, फरीदाबाद एस्टेट एजेंट्स एसोसिएशन के प्रधान आकाश गुप्ता का मानना है कि यह परियोजना प्रॉपर्टी कारोबार के लिए गेमचेंजर हो सकती है। हालांकि, सड़क बनने और इसके लाभ मिलने का वास्तविक असर परियोजना पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।