फरीदाबाद | हरियाणा में पैरा खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास राज्य का पहला पैरा भवन तैयार हो चुका है. वीरवार को स्वास्थ्य मंत्री एवं हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष आरती राव ने इस भवन का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने नेशनल और इंटरनेशनल टूर्नामेंट में गौरव बढ़ाने वाले पैरा एथलेटिक्स को सम्मानित भी किया.
पंचकूला की भागदौड़ से मिलेगा छुटकारा
प्रदेश के पहले पैरा भवन का निर्माण कार्य साल 2020 में शुरू हुआ था. इसके निर्माण पर साढ़े 4 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च हुई है. इस बिल्डिंग में हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव ज्योति कुमार बैठेंगे. खिलाड़ियों को कैश अवार्ड, ग्रेडेशन सर्टिफिकेट और नौकरी से संबंधित कार्यों के लिए पंचकूला जाना पड़ता था, जिसमें समय और पैसा दोनों ही लगते थे लेकिन अब पैरा भवन शुरू होने से खिलाड़ियों को पंचकूला तक भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह सभी कार्य यही पर हो जाएंगे. फरीदाबाद ही नहीं, बल्कि नूंह, पलवल, गुरुग्राम और रेवाड़ी के पैरा खिलाड़ियों को भी इसका फायदा पहुंचेगा.
सुविधाएं बढ़ाने की मांग
इस दौरान पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने कैबिनेट मंत्री आरती राव को पत्र सौंपकर नए पैरा भवन में सुविधाएं बढ़ाने की मांग की. एसोसिएशन ने उनके समक्ष 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, 4 इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, ओलंपिक स्तर का 50 मीटर इंडोर स्विमिंग पूल और 10 मीटर शूटिंग रेंज की मांग की.
खेल विभाग के उपनिदेशक गिरिराज सिंह ने मंत्री आरती राव को अवगत कराया कि यह सब प्रोजेक्ट पहले से प्रस्तावित है और करीब 40 करोड़ रुपए का एस्टीमेट बनाकर भेजा हुआ है. सरकार से इसकी मंजूरी का इंतजार है. ये सभी कार्य पूरा होने पर यहां पैरा खेलों के आयोजन के अलावा राष्ट्रीय स्तर के कैंपों का आयोजन किया जा सकेगा.
उन्होंने बताया कि यहां पर 50 खिलाड़ियों के ठहरने के लिए हॉस्टल भी प्रस्तावित है. इसका नक्शा और मैदान की पैमाइश वगैरह सबकुछ हो चुकी है. सरकार से बजट का इंतजार है. इसपर आरती राव ने कहा कि वह प्रयास करेगी कि बजट राशि को जल्द से जल्द मंजूरी दिलाई जाए.
