फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा बस यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में बल्लभगढ़ बस डिपो से अलवर के लिए रोडवेज बस के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है. ये बस सोहना, फिरोजपुर झिरका और नूंह होते हुए अलवर का सफर तय करेगी. बता दें कि किन्हीं कारणों के चलते इस बस के संचालन पर रोक लगा दी गई थी, लेकिन अब यात्रियों की डिमांड पर दोबारा से इस बस को शुरू किया गया है.

यह रहेगी समय- सारणी
बल्लभगढ़ बस स्टैंड के डीआई नरेंद्र राणा ने बताया कि यह बस रोजाना सुबह साढ़े 7 बजे संचालित होगी और बीच रास्ते सोहना, फिरोजपुर झिरका और नूंह के गांवों और कस्बों में ठहराव करते हुए लगभग साढ़े 4 घंटे बाद अलवर पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में अलवर से दोपहर 1 बजे बल्लभगढ़ के लिए वापस रवाना हो जाएगी. उन्होंने बताया कि बीच रास्ते गांवों और कस्बों में ठहराव से यात्रियों को भी बल्लभगढ़ और अलवर के लिए सार्वजनिक परिवहन की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
डीआई नरेंद्र राणा ने बताया कि इस बस में बल्लभगढ़ से अलवर के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 175 रूपए निर्धारित किया गया है. वहीं, बल्लभगढ़ से सोहना के लिए 45 रुपए, नूंह के लिए 65 रुपए, फिरोजपुर झिरका के लिए 90 रुपए और नौगामा के लिए 130 रुपए रहेगा. वहीं, 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गो और 3- 12 साल तक के बच्चों की आधी टिकट लगेगी. इसके अलावा, हैप्पी कार्ड वाले यात्री मुफ्त सफर की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
यात्रियों की थी डिमांड
उन्होंने बताया कि किन्हीं कारणों से अलवर के लिए सीधी बस सेवा को बंद कर दिया गया था, जिसके बाद यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. अलवर और आसपास के क्षेत्र में जाने वाले लोगों को बार- बार वाहन बदलकर सफर करना पड़ रहा है, जिसमें समय और पैसा दोनों की बर्बादी हो रही थी, लेकिन अब फिर से सीधी बस सेवा शुरू होने पर लोगों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी. डीआई राणा ने बताया कि यदि इस रूट पर सवारियों की भीड़ बढ़ती है, तो एक और बस को अलवर के लिए हरी झंडी दिखा दी जाएगी.