नई दिल्ली | कई बार ऐसा होता है कि फोन करते समय बीच में नेटवर्क की दिक्कत के चलते बातचीत नहीं हो पाती. अगर आपके साथ भी ऐसे ही कुछ परेशानी सामने आती है, तो अब आपकी यह टेंशन खत्म होने वाली है. दरअसल, सरकार द्वारा इंट्रा सर्किल रोमिंग सुविधा की शुरुआत कर दी गई है.
दूरसंचार विभाग द्वारा 17 जनवरी को लॉन्च की गई इस सेवा के चलते भारत के लाखों मोबाइल यूजर्स को काफी फायदा मिलने वाला है. अब बिना नेटवर्क सिगनल के भी आप अपनी कॉल पर बने रह सकते हैं.
बिना सिग्नल कर पाएंगे कॉल
बीएसएनएल, जियो और एयरटेल द्वारा यूजर्स को बिना सिग्नल कॉल करने की अनुमति दी जा रही है. इस सुविधा के साथ जिओ, एयरटेल और बीएसएनएल के उपभोक्ता 4G नेटवर्क को एक्सेस कर किसी भी नेटवर्क पर कॉल कर सकते हैं. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एक सिंगल DBN फंडेड टावर की मदद से आप इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं.
इंट्रा सर्कल रोमिंग
इंट्रा सर्कल रोमिंग (ICR) एक ऐसी सुविधा है, जो मोबाइल नेटवर्क के कवरेज को बेहतर बनाती है. उदाहरण के तौर पर अगर किसी स्थान पर आपके प्राथमिक नेटवर्क (Jio, Airtel या BSNL) की सेवा उपलब्ध नहीं है, तो आपका फोन वहां मौजूद किसी अन्य ऑपरेटर के नेटवर्क से खुद ही कनेक्ट हो जाएगा. इससे यूजर्स बिना रुकावट के कॉल सेवा और इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे.
एक और उदाहरण से अगर समझें, तो मान लीजिए अगर किसी क्षेत्र में जियो का नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, लेकिन एयरटेल का टावर वहां काम कर रहा है, तो फोन एयरटेल के नेटवर्क से कनेक्ट होकर सुचारू रूप से काम करेगा.
नेटवर्क कनेक्टिविटी में होगा सुधार
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के अनुसार, इस पहल से तीनों टेलीकॉम कंपनियों BSNL, Airtel और Reliance Jio को लाभ मिलेगा और नेटवर्क कनेक्टिविटी में सुधार होगा. ICR सुविधा के तहत, करीब 27,836 टावरों को जोड़कर उपयोगकर्ताओं को बिना रुकावट सेवा प्रदान की जा रही है.
पहले DBN- फंडेड टावर केवल उस टेलीकॉम कंपनी के ग्राहकों के लिए उपलब्ध थे, जिसने उन्हें स्थापित किया था, लेकिन अब इस नई पहल से सभी नेटवर्क उपयोगकर्ता इन टावरों का लाभ उठा सकेंगे.
