गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब द्वारका एक्सप्रेस-वे से वाटिका चौक तक करीब 9 किलोमीटर लंबे हिस्से को एलिवेटेड बनाया जाएगा. वहीं, वाटिका चौक से गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड तक 5 किलोमीटर लंबे हिस्से के एलिवेटेड निर्माण पर 1,065 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.
4 हाइवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
गुरुग्राम शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने और कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर लगभग 14 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट के लिए सीएम नायब सैनी ने बजट में 2,900 करोड़ रुपए की बजट राशि को मंजूरी प्रदान की है.
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली- जयपुर हाईवे, गुरुग्राम- सोहना हाईवे और गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा. इससे दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे तक आवाजाही और ज्यादा आसान हो जाएगी. वाटिका चौक पर क्लोवरलीफ इंटरचेंज भी विकसित किया जाएगा.
इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) बनकर तैयार हो चुकी है और बजट राशि को मंजूरी के बाद अब टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर सेक्टर- 45 से सेक्टर- 115 तक के रिहायशी इलाकों, कॉलोनियों और हाउसिंग सोसाइटियों में रहने वाली लाखों की आबादी को सीधा फायदा पहुंचेगा. उन्हें भीड़- भाड़ से दूर आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.
इन जगहों पर बनेंगे नए फ्लाईओवर
मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में गुरुग्राम शहर के अंबेडकर चौक, दादी सती चौक, Z चौक (मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास), बख्तावर चौक और गढ़ी हरसरू रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर और अंडरपास निर्माण के लिए 302 करोड़ रुपए की बजट राशि को मंजूरी दी है.
एक और नए हाइवे का तोहफा
ग्रेटर SPR परियोजना के तहत करीब 21 किलोमीटर लंबी नई सड़क के लिए 671 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. यह सड़क मार्ग सेक्टर- 58 (गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड) से शुरू होकर एमजी रोड, गुरुग्राम- सोहना हाईवे होते हुए IMT मानेसर तक जाएगा. इसके चालू होने के बाद दिल्ली- जयपुर हाईवे, गुरुग्राम- सोहना हाईवे और मौजूदा सदर्न पेरिफेरल रोड से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
