हिसार | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. आगामी गर्मियों की छुट्टियों में हिसार, भिवानी और रोहतक सहित कई अन्य जगहों से भोलेनाथ की नगरी हरिद्वार और गुजरात जाने वाले यात्रियों को इस समर स्पेशल ट्रेन के संचालन का विशेष फायदा पहुंचेगा.

भावनगर (गुजरात)- हरिद्वार ट्रेन का शेड्यूल
गर्मियों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए रेलवे ने 12 अप्रैल यानि आज से भावनगर- हरिद्वार- भावनगर समर स्पेशल ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखा दी है. इस स्पेशल ट्रेन का संचालन 31 मई तक रहेगा. यह ट्रेन भावनगर से प्रत्येक रविवार को सुबह 04.25 बजे रवाना होकर अगले दिन सोमवार दोपहर 3 बजे हरिद्वार पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
इसी तरह वापसी में प्रत्येक सोमवार को हरिद्वार से शाम 04.25 बजे रवाना होकर बुधवार सुबह 04.35 बजे भावनगर पहुंचेगी. बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सिहोर, गांधीनगर कैपिटल, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़, पाली, लूनी, जोधपुर, मेड़ता, डेगाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, सिवानी, हिसार, भिवानी, रोहतक, पानीपत, अंबाला, सहारनपुर और रूड़की स्टेशन पर ठहराव करेगी. ट्रेन में सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर, जनरल श्रेणी सहित कुल 22 कोच होंगे.