हिसार | हरियाणा के हिसार शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में निरंतर नए प्रयास हो रहे हैं. इसका सबसे बड़ा श्रेय पूर्व की BJP सरकार में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री एवं हिसार विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक कमल गुप्ता को जाता है. इसी कड़ी में सातरोड कैंट के पास दिल्ली बाईपास से हिसार शहर में एंट्री पर अशोक चक्र के डिजाइन वाला भव्य स्वागत द्वार का निर्माण किया जा रहा है.
4 करोड़ रूपए आएगी लागत
इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास पिछले साल 8 मार्च को तत्कालीन कैबिनेट मंत्री कमल गुप्ता ने किया था. हिसार में इस गेट के निर्माण पर लगभग 4 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. इस स्वागत द्वार के निर्माण में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है और इसका ढांचा भूकंप रोधी बनाया गया है. भूकंप आने पर भी इस ढांचे को कोई नुक़सान नहीं पहुंचेगा.
शहर की खूबसूरती में लगाएगा चार- चांद
वर्तमान में हिसार- दिल्ली बाईपास फोरलेन है और भविष्य में इसे सिक्स लेन बनाया जा सकता है. इसी संभावना को देखते हुए इस द्वार की चौड़ाई 120 फीट रखी गई है. इस स्वागत द्वार की लंबाई 9 मीटर बनाई गई है. इस स्वागत द्वार की खासियत हिंदुस्तान का राष्ट्रीय प्रतीक अशोक चक्र है, जो स्टील का बना है. इसकी 24 तीलियां स्टील की प्री फेब्रिकेटेड है, जो वजन में काफी हल्की हैं. देखने में अति सुंदर यह स्वागत द्वार हिसार शहर की खूबसूरती में चार- चांद लगाने का काम करेगा.
