हिसार से हरिद्वार- ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, रोडवेज ने शुरू की सीधी बस सेवा; फटाफट देखें टाइमिंग

हिसार | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में हिसार, हांसी व जींद जिले से भोलेनाथ की नगरी हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है.

Haryana Roadways Bus

रोडवेज डिपो जींद (उपकेंद्र सफीदों) द्वारा हिसार से ऋषिकेश के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी गई है. हिसार सहित बीच रास्ते पर पड़ने वाले गांवों और शहरों से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों को इस बस सेवा का तगड़ा फायदा मिलेगा.

यह रहेगा शेड्यूल

हिसार बस स्टैंड से यह बस सुबह 10 बजे रवाना होकर 10.40 बजे हांसी, दोपहर 12 बजे जींद, 12.50 बजे सफीदों, दोपहर 02.20 बजे पानीपत, 03.10 बजे शामली और शाम 6 बजे हरिद्वार पहुंचते हुए पौने 7 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी. इसी प्रकार वापसी में रात्रि ठहराव के बाद अगली सुबह ऋषिकेश से सुबह 5 बजे रवाना होकर 05.45 बजे हरिद्वार, 9 बजे पानीपत, 11 बजे जींद और दोपहर 1 बजे हिसार पहुंचेगी. दोपहर सवा 1 बजे सफीदों के लिए रवाना हो जाएगी.

योगनगरी एक्सप्रेस का मिलेगा फायदा

रोडवेज विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जींद डिपो के उपकेंद्र सफीदों से वाया हिसार व हांसी होते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए योगनगरी एक्सप्रेस के नाम से सीधी बस सेवा शुरू की गई है. इससे यात्रियों का सफर आरामदायक बनेगा. लंबी दूरी की इस यात्रा में सीट मिलना उनके लिए आसान हो जाएगा. इस बस सेवा को यात्रियों का बढ़िया रिस्पांस मिल रहा है.

आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु रोडवेज की सुविधा का लाभ उठाकर अपने सफर को आरामदायक बना सके.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.