हिसार, Haryana Mausam News | हरियाणा में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है. दिन का तापमान हर रोज नए रिकॉर्ड बना रहा है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर चुका है. आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अप्रैल में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है. इस बढ़ती गर्मी से राहत के आसार अभी कम ही नजर आ रहे हैं.
2 अप्रैल तक रहेगा मौसम शुष्क
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने जानकारी दी कि प्रदेश में 2 अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान हवाओं में बदलाव की संभावना है, जिससे हल्की से मध्यम गति की हवाएं चल सकती हैं. खासतौर पर दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा. इससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी. इसके बाद मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा. विशेषज्ञों के अनुसार, यह मौसम लावणी के लिए उपयुक्त रहेगा. शुक्रवार को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादलवाही छाने के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है.
