जींद | हरियाणा के जींद (Jind) जिले के लोगों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. जींद जिला प्रशासन ने 13 गांवों को नई तहसील में जोड़ दिया है. प्रशासन ने इन गांवों का जमीनी रिकॉर्ड नई तहसील में भेज दिया है. इनमें 11 गांवों को जींद तहसील से हटाकर जुलाना तहसील में जोड़ दिया गया है. वहीं, 2 गांव बड़नपुर और सुंदरपुरा को उचाना से हटाकर वापस नरवाना तहसील से जोड़ दिया गया है.
समय और पैसा दोनों की बचत
बड़नपुर और सुंदरपुरा दोनों गांवों ने इस मुद्दे को लेकर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार करने का फैसला लिया था. अब इन गांवों के लोगों को जमीन से जुड़ी जानकारी नई तहसील नरवाना में मुहैया होगी. इससे इन दोनों गांवों के लोगों को काफी राहत मिलेगी.
दोनों गांवों के लोगों का कहना है कि नरवाना से उचाना तहसील बनने पर परेशानी बढ़ गई थी और उन्हें करीब 20 किलोमीटर घूमकर उचाना तहसील जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसा दोनों की बर्बादी होती थी, लेकिन अब वापस नरवाना तहसील में जुड़ने से बड़ी राहत पहुंचेगी. उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा. साथ ही, समय और पैसा दोनों की बचत होगी.
जुलाना तहसील से जुड़े 11 गांव
जींद तहसील से हटाकर जुलाना तहसील से जिन 11 गांवों को जोड़ा गया है, उनमें बराड़ खेड़ा, किनाना, शामलो खुर्द, खेमा खेड़ी, शामलो कलां, रामकली, पड़ाना, ढिगाना, भैरो खेड़ा, ललित खेड़ा और निडाना गांव शामिल है.
