जींद शहर के लोगों की प्यास बुझाएगी भाखड़ा नहर, पेयजल प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू; 378 करोड़ होंगे खर्च

जींद | पूरे हरियाणा के समग्र विकास को लेकर प्रतिबद्ध सूबे की नायब सैनी सरकार जींद जिले (Jind District) को बहुत बड़ी सौगात देने जा रही है. इसी कड़ी में जींद शहर के लोगों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में भाखड़ा पेयजल परियोजना पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है. नरवाना के पास से गुजरने वाली भाखड़ा ब्रांच नहर से पाइपलाइन के जरिए बड़ौदी गांव के पास 36 एकड़ जमीन पर पानी स्टोर किया जाएगा. यहां बड़े- बड़े जलघरों का निर्माण किया जा रहा है. तीन साल में पूरा होने वाली इस परियोजना पर 378 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी.

WATER 2

पूरे शहर को मिलेगा साफ पानी

बड़ौदी गांव के पास बन रहे जलघरों से शहरों में बूस्टिंग स्टेशन तक पानी पहुंचाया जाएगा. इसके बाद, घर- घर पेयजलापूर्ति की जाएगी. इससे शहर की करीब 2 लाख आबादी को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा. बता दें कि साल 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भाखड़ा नहर पेयजल परियोजना की घोषणा की थी.

इस परियोजना के तहत, 2 एजेंसियों को अलग- अलग कार्य सौंपा गया है. जैन कंस्ट्रक्शन एजेंसी द्वारा 90.44 करोड़ रूपए की लागत से नरवाना में भाखड़ा नहर के पास रिटेंशन टैंक और पंप हाउस बनाया जाएगा. 28 किलोमीटर तक 48 इंच पाइपलाइन नरवाना भाखड़ा नहर से बड़ौदी गांव तक बिछाई जाएगी.

19 जगहों पर बनेंगे बूस्टिंग स्टेशन

योगी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा 71.98 करोड़ रूपए की लागत से पेयजलापूर्ति के लिए शहर में 19 जगहों पर बूस्टिंग स्टेशन बनाए जाएंगे. लोगों के घरों में निर्बाध पेयजलापूर्ति के लिए लोको कालोनी, सुंदर नगर, राजकीय आईटीआई, नहर कॉलोनी, कृषि विभाग कार्यालय के पास, वीटा प्लांट के पास, पुरानी अनाज मंडी, काठ मंडी में, रानी तालाब के पास, पुराना बस स्टैंड और राजकीय कालेज के पास बूस्टिंग स्टेशन बनेंगे.

नागरिक अस्पताल, पुलिस लाइन, जेल के पास, जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय के पास, रोहतक रोड और भिवानी रोड पर बूस्टिंग स्टेशन बनाए जाएंगे. इसके जरिए अलग- अलग कॉलोनियों में पेयजलापूर्ति की जाएगी, ताकि शहर की आबादी को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सकें.

परियोजना पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है. समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है. कंस्ट्रक्शन एजेंसियों को निर्धारित समयावधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं- डॉ कृष्ण मिढ्ढा, हरियाणा विधानसभा डिप्टी स्पीकर एवं जींद विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.