जींद | मशहूर हरियाणवी सिंगर और लेखक मासूम शर्मा के गानों को हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने यूट्यूब से बैन कर दिया है. सरकार द्वारा गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों पर कार्रवाई के तहत यह फैसला लिया गया है. इस पर मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा कि अगर सरकार चाहेगी तो मैं ऐसे गाने नहीं बनाऊंगा. मैं सरकार के साथ हूं, लेकिन कार्रवाई बिना भेदभाव के होनी चाहिए. केवल मेरे ही गानों को डिलीट किया गया है, जबकि इसी तरह के कई गाने यूट्यूब पर अब भी उपलब्ध हैं. अगर भेदभाव जारी रहा, तो हरियाणवी सॉन्ग इंडस्ट्री बंद हो जाएगी और हरियाणवी यूथ को फिर से पंजाबी गाने सुनने पड़ेंगे.
सरकार के अधिकारी पर लगाए आरोप
मासूम शर्मा ने सरकार के एक अधिकारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में एक व्यक्ति उच्च पद पर बैठा है, जिसने उनके सबसे ज्यादा हिट गानों को डिलीट करवाया है. वह व्यक्ति बाकी हरियाणवी कलाकारों को आगे बढ़ता नहीं देख सकता. मेरे और उसके बीच 36 का आंकड़ा है, इसी वजह से मेरे गानों को टारगेट कर बैन किया गया है.
इन गानों को किया गया बैन
सिंगर ने बताया कि उनके तीन गाने- ‘ट्यूशन बदमाशी का’, ’60 मुकद्दमें’ और ‘खटोला’ को यूट्यूब से बैन किया गया है. इसके अलावा, सिंगर नरेंद्र भगाना और अंकित बालियान के भी कुछ गाने हटवाए गए हैं, ताकि यह न लगे कि सिर्फ मेरे गानों को टारगेट किया गया है. उन्होंने कहा कि उनके उन्हीं गानों को हटाया गया है, जिन पर सबसे ज्यादा व्यूज थे. अगर उनके बदमाशी वाले गानों से युवा भटक सकते हैं, तो भाभियों और बहुओं पर बनने वाले गानों से समाज पर बुरा असर क्यों नहीं पड़ता? उन गानों को बैन क्यों नहीं किया जा रहा?
View this post on Instagram
कुछ लोग कर रहे सरकार को गुमराह
उन्होंने कहा कि 10- 12 साल पहले हरियाणा के लोग पंजाबी गाने सुनते थे, जिनमें गन कल्चर को दिखाया जाता था. अगर हरियाणवी गानों को बैन किया गया, तो युवा फिर से पंजाबी गाने ही सुनेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में कुछ लोग उनके गाने डिलीट करवा कर सरकार को भी गुमराह कर रहे हैं. सरकार को इस जिम्मेदारी के लिए ऐसा व्यक्ति नियुक्त करना चाहिए, जो बिना किसी भेदभाव के गानों का चयन करे.
मासूम शर्मा ने कहा कि हरियाणवी इंडस्ट्री सैकड़ों लोगों को रोजगार दे रही है. अगर उनका काम बंद हुआ, तो क्या सरकार उन लोगों को रोजगार दे पाएगी? उन्होंने कहा कि अगर सरकार बिना भेद भाव कार्रवाई करेगी, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी. वे जरूरत पड़ी तो भजन गा लेंगे या लाइव शो करके कमा लेंगे.
