जींद | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने फिरोजपुर कैंट से हजूर साहिब नांदेड़ के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है. यह ट्रेन जींद और रोहतक सहित कई अन्य शहरों से होकर गुजरेगी. इस ट्रेन के संचालन को मंजूरी मिल चुकी है लेकिन अभी तक शेड्यूल जारी नहीं हुआ है.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 14622, फिरोजपुर कैंट- हजूर साहिब नांदेड़ साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 01.25 बजे फिरोजपुर कैंट से रवाना होकर तीसरे दिन यानी रविवार को सुबह साढ़े 3 बजे हजूर साहिब नांदेड़ पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 14621, हजूर साहिब नांदेड़- फिरोजपुर कैंट प्रत्येक रविवार सुबह 11.50 बजे हजूर साहिब नांदेड़ से रवाना होकर तीसरे दिन यानी मंगलवार को सुबह साढ़े 4 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में फरीदकोट, कोटकपुरा, बठिंडा, मानसा, जाखल, धमतान साहिब, जींद, रोहतक, बहादुरगढ़, शकूरबस्ती, दिल्ली सफदरजंग, फरीदाबाद, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मी बाई झांसी, बीना, विदिशा, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड़, औरंगाबाद, जालना, सेलु, परभणी और पूर्णा स्टेशन पर ठहराव करेगी.
श्री गंगानगर- हजूर साहिब नांदेड़
ट्रेन नंबर 12486, दोपहर ढाई बजे श्रीगंगानगर से रवाना होकर अबोहर, मलोट, गिदड़बहा, रामपुरा फोल, बरनाला, धूरी, संगरूर, सुनाम उधम सिंह वाला और जाखल स्टेशन से होते हुए साढ़े 8 बजे जींद पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 12485, हजूर साहिब नांदेड़ से 11.05 बजे रवाना होकर इटारसी, भोपाल, वीरांगना लक्ष्मीबाई, ग्वालियर, आगरा, मथुरा, नई दिल्ली और रोहतक होते हुए सवा 12 बजे जींद जंक्शन पर पहुंचेंगी.
