जींद | हरियाणा से दिल्ली जाने वाले रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सर्द मौसम में धुंध के चलते रद्द की गई ट्रेनें फिर से पटरी पर लौटने लगी है. इसी कड़ी में ट्रेन नंबर 54034, जींद- दिल्ली पैसेंजर ट्रेन 5 फरवरी और ट्रेन नंबर 54031, दिल्ली- जींद पैसेंजर ट्रेन 6 फरवरी से संचालित हो रही है. इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को राहत पहुंचेगी और उनका दिल्ली का सफर आरामदायक हो जाएगा.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 54031, दिल्ली- जींद पैसेंजर ट्रेन दोपहर 12 बजे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना होकर दया बस्ती, शकूरबस्ती, मूंडका, बहादुरगढ़, सापला, राेहतक, समर गोपालपुर, जुलाना, जैजैवंती और किनाना होते हुए शाम 04.15 बजे जींद आगमन करती है. इसी तरह ट्रेन नंबर 54034, दोपहर साढ़े 3 बजे जींद से रवाना होकर रात 07.45 बजे दिल्ली पहुंचती है.
यात्रियों को मिलेगी सहुलियत
इन दोनों ट्रेनों के रद्द होने से जींद सहित आसपास के क्षेत्रों और इस रूट पर पड़ने वाले शहरों और कस्बों के लोगों को दिल्ली आवागमन के दौरान खासी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. व्यापारी हो या फिर कर्मचारी या फिर स्टूडेंट्स और रोजाना काम के उद्देश्य से आवाजाही करने वाले लोग, सभी को निजी वाहनों और बसों पर निर्भर होना पड़ रहा था लेकिन अब इन दोनों ट्रेनों के दोबारा संचालन से लोगों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी.
परेशानियों से छुटकारा
जींद सहित आसपास के इलाकों से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा बहुत ही कम है. ऐसे में यात्रियों को रोहतक से दूसरी बसों का सहारा लेना पड़ता था जिसके चलते उन्हें और भी ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती थी. समय और पैसा भी ज्यादा लगता था लेकिन अब दिल्ली के लिए आवाजाही करने वालों को इन तमाम परेशानियों से छुटकारा मिलेगा. अब यात्री इन ट्रेनों में भारी सामान के साथ भी सफर कर सकेंगे और उन्हें बैठने के लिए सीट मिलने में भी आसानी रहेगी.
