कैथल | हरियाणा के कैथल के गुहला चीका में कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस द्वारा एसडीएम को बच्चों के खेलने वाला झुनझुना थमाने का मामला सुर्खियों में बना हुआ है. इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में विधायक कह रहे हैं कि इसे पकड़ो और जाकर बजाते रहो, तुमसे कुछ नहीं होने वाला है.
क्या हैं पूरा मामला
गुहला चीका विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने बताया कि शहर की प्राइम लोकेशन शहीद ऊधम सिंह चौक पर चीका का बीडीपीओ ऑफिस बना हुआ है. इस परिसर के पिहोवा व पटियाला सड़क मार्ग की तरफ दुकानें बनी हुई है. पहले पिहोवा रोड की ओर बनी 80दुकानों की लंबाई 10 फीट के आसपास थी.
विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले साल दिसंबर में बिना सरकार की मंजूरी इन दुकानों की लंबाई बढ़ाई गई और छुट्टी वाले दिन निर्माण कार्य किया गया. इस संबंध में लोगों की शिकायत पर गुहला के एसडीएम को जांच सौंपी गई. उन्होंने अपनी जांच में निर्माण कार्य को गलत ठहराते हुए काम रोकने का आदेश दिया.
देवेंद्र हंस ने आगे बताया कि इसके बाद जब वे एसडीएम से मिलने गए तो मामले की जांच व उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया लेकिन बाद में कोई कार्रवाई नहीं हुई. सरकार में बैठे लोग अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर सरकारी जमीन को खुर्द-बुर्द कर रहे हैं और भ्रष्टाचार का नंगा नाच किया जा रहा है. यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो यहां धरना प्रदर्शन किया जाएगा.
SDM ने गड़बड़ी से किया इंकार
इस पूरे मामले को लेकर गुहला के एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले कोटेशन आमंत्रित की गई थी. बीडीपीओ ने संबंधित कंपनी को काम शुरू करने का आदेश दिया था. जांच में पाया गया है कि पंचायती राज विभाग द्वारा इस कार्य में कोई भी अनियमितता बरती गई है.
