कुरुक्षेत्र में HPSC परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट, चलाई जाएंगी स्पेशल रोडवेज बसें; पढ़ें जरूरी गाइडलाइन

कुरुक्षेत्र | हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की ओर से 5 जुलाई को आयोजित होने वाली सहायक जिला न्यायवादी (ADA) परीक्षा को लेकर कुरुक्षेत्र प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिले में परीक्षा के लिए 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10,620 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने समीक्षा बैठक की.

HPSC

बैठक में HPSC के डिप्टी सेक्रेटरी सतीश सैनी, आयोग के सदस्य आनंद शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. परीक्षा के लिए जिला परिषद के सीईओ वीरेंद्र चौधरी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि 6 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है.

HPSC परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट

उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होगी. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में सुबह 8:30 बजे से प्रवेश दिया जाएगा. सुबह 9:50 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. उन्होंने सभी उम्मीदवारों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की है. परीक्षा केंद्र के अंदर केवल एडमिट कार्ड, पैन कार्ड और अन्य वैध पहचान पत्र (आईडी) ले जाने की अनुमति होगी. मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे.

यह भी पढ़े -  CET ग्रुप- डी अभ्यर्थियों को राहत, HSSC ने आवेदन की बढ़ाई डेडलाइन

चलाई जाएंगी रोडवेज बसें

HPSC सदस्य आनंद शर्मा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा. वहीं, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू रहेगी. अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हरियाणा रोडवेज विशेष बस सेवाएं भी संचालित करेगा. सुबह 7 बजे से स्पेशल बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जाएंगी, जिसके लिए अलग रूट चार्ट तैयार किया गया है. इसके अलावा, बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए धर्मशालाओं में भी विशेष व्यवस्था की गई है.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.