नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में दो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मंजूरी प्रदान की गई है. इस मीटिंग में बारापूला Phase- 3 एलिवेटेड कॉरिडोर और एमबी रोड पर सिक्स लेन एलिवेटेड कॉरिडोर व अंडरपास निर्माण परियोजना को हरी झंडी दिखाई गई है.
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि सराय काले खां से मयूर विहार तक बारापूला नाले के ऊपर एलिवेटेड रोड (Phase-3) के निर्माण कार्य के लिए संशोधित लागत 1635.03 करोड़ रुपए और साकेत G ब्लॉक से पुल प्रहलादपुर तक एमबी रोड पर सिक्स लेन एलिवेटेड रोड व अंडरपास परियोजना के लिए 1471.14 करोड़ रुपए की धनराशि को मंजूरी दी गई है.
गुरुग्राम- फरीदाबाद के बीच आवागमन होगा सुगम
एमबी रोड पर सिक्स लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से दक्षिणी दिल्ली के सबसे व्यस्त और ट्रैफिक जाम वाले रास्ते पर लोगों को राहत पहुंचेगी और उनके लिए घर पहुंचने की डगर आसान हो जाएगी. संगम विहार और खानपुर जैसे इलाकों में रहने वाले लोगों को पीक आवर्स के ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी. गुरुग्राम से फरीदाबाद के बीच आवागमन करने वाले लोगों को एक सुगम रास्ते की सुविधा मिलेगी. नोएडा से दक्षिणी दिल्ली और गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालकों को भी इस एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण से राहत पहुंचेगी और उन्हें ट्रैफिक जाम से जूझना नहीं पड़ेगा.
बारापूला Phase- 3 एलिवेटेड कॉरिडोर से फ़ायदे
सराय काले खां से मयूर विहार पॉकेट-1 तक साढ़े तीन किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर राजधानी दिल्ली के पूर्वी हिस्से को दक्षिणी हिस्से से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण मार्ग बनेगा. मयूर विहार से एम्स और सफदरजंग अस्पताल जाने के लिए सिग्नल फ्री सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी. बीच रास्ते एक भी रेड लाइट नहीं होगी. ट्रैफिक जाम के चलते इस सफर को पूरा करने में लगभग 1 घंटे का समय लगता था लेकिन एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण से यह दूरी लगभग 20 मिनट में तय हो जाएगी. नोएडा और गाजियाबाद से दक्षिणी दिल्ली जाने वालों को रिंग रोड पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी. वे सीधे बारापूला से होते हुए एम्स और अन्य जगहों पर पहुंच सकेंगे.
