नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. यहां सत्तासीन आम आदमी पार्टी (AAP) को एक बार फिर से सत्ता में लौटने की उम्मीद है, तो वहीं दूसरी ओर बीजेपी और कांग्रेस लंबे समय बाद सत्ता वापसी का दम भर रही है. चुनावी सरगर्मियों के बीच AAP के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक के बाद एक बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं.
पुजारियों के लिए बड़ा ऐलान
महिलाओं और बुजुर्गो के लिए लाभकारी योजनाओं की घोषणा करने के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक और बड़ी घोषणा की है. उन्होंने पुजारियों और ग्रंथियों के लिए सम्मान योजना का ऐलान कर दिया है. इस योजना के तहत, दिल्ली के पुजारियों और ग्रंथियों को हर महीने 18 हजार रूपए की सम्मान राशि दी जाएगी. इस योजना के लिए कल यानि 31 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएंगे.
क्या बोले केजरीवाल?
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मैं एक योजना के संबंध में महत्वपूर्ण घोषणा कर रहा हूं. इस योजना का नाम पुजारी ग्रंथी सम्मान योजना होगा, जिसके तहत मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारा के ग्रंथियों को मानदेय देने का प्रावधान है. उन्हें लगभग 18 हजार रूपए महीना मानदेय दिया जाएगा. ऐसा करने वाला दिल्ली देश का पहला राज्य बनेगा.
उन्होंने कहा कि पुजारी एक ऐसा वर्ग है, जिसने पीढ़ी दर पीढ़ी संस्कारों को आगे बढ़ाया है. उन्होंने कभी अपने परिवार पर ध्यान नहीं दिया और हमने कभी उन पर ध्यान नहीं दिया. केजरीवाल ने कहा कि इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कल से शुरू होंगे. इस योजना के तहत, रजिस्ट्रेशन शुरू करने के लिए कल कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाउंगा.
