नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र सहित दक्षिण हरियाणा के कई जिलों से खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि खाटूश्याम धाम पर लगने वाले वार्षिक फाल्गुनी मेले पर श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली से खाटूश्याम के लिए स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया गया है.
खाटूश्याम के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
खाटूश्याम धाम पर वार्षिक फाल्गुनी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखते हुए रेलवे द्वारा सराय रोहिल्ला से फुलेरा के बीच स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया है. यह ट्रेन 24 मार्च से 1 फरवरी तक संचालित होगी. इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से खाटूश्याम श्रद्धालुओं सहित राजस्थान के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को भी फायदा पहुंचेगा.
यह रहेगा टाइम- टेबल
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन नंबर 09713, फुलेरा- सराय रोहिल्ला स्पेशल ट्रेन फुलेरा से सुबह 11.40 बजे रवाना होकर शाम 06.05 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन पर आगमन करेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09714, सराय रोहिल्ला- फुलेरा स्पेशल ट्रेन सराय रोहिल्ला से शाम 07.10 बजे रवाना होकर रात 02.30 बजे फुलेरा पहुंचेगी.
इस ट्रेन में सभी कोच सामान्य श्रेणी के होंगे. यह ट्रेन श्रद्धालुओं को रींगस स्टेशन पर छोड़ेगी, जहां से कुछ ही दूरी पर खाटूश्याम मंदिर पड़ता है.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में रेनवाल, रींगस, श्री माधोपुर, कांवट, नीम का थाना, माउंडा, डाबला, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, पटौदी रोड, गुरुग्राम व दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव करेगी.
