नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में मेट्रो (Delhi Metro) के निर्माण कार्य के कारण रिंग रोड पर विकासपुरी (भैरा) से रोहिणी कैरिजवे पर 25 दिनों तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा. इसे लेकर मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी कर लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और रिंग रोड के इस हिस्से पर आने से बचने की अपील की है. बता दें कि इस बदलाव से नजफगढ़, रोहिणी, पंजाबी बाग मंगोलपुरी फ्लाईओवर सहित आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित होगा.

ट्रैफिक पुलिस ने सुझाए वैकल्पिक रास्ते
इन सबके कारण ट्रैफिक पुलिस द्वारा कई वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं. पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ज्वालाहेड़ी बाजार से नांगलोई की तरफ जाने के लिए भैरा (विकासपुरी) से बाएं मुड़कर चौधरी प्रेम सुख मार्ग लेकर वाया साई राम मंदिर और उसके बाद एनएस रोड या ज्वालापुरी 60 फीट रोड लेकर रोहतक रोड तक पहुंचा जा सकता है. इसके अलावा, भैरा से ही बाएं आउटर रिंग रोड के जरिये केशोपुर नाला से यूटर्न लेकर विकासपुरी फ्लाईओवर होते हुए आगे की यात्रा पूरी की जा सकती है.
दी यह सलाह
इसी प्रकार पुलिस द्वारा विकासपुरी से आने वालों को नांगलोई या न्यू रोहतक रोड जाने के लिए भैरा एंक्लेव से बाईं तरफ स्लिप रोड से कैप्टन कुमूद कुमार मार्ग लेकर साईं राम मंदिर से दाहिने मुड़ते हुए संत दुर्बलनाथ मार्ग लेकर उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने की सलाह दी गई है.