नई दिल्ली | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली जीत पर उन्हें बधाई दी. मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सैनी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्लीवासियों को भी केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई हर योजना का लाभ मिल पाएगा. अब दिल्ली में दोगुनी गति से विकास कार्य हो सकेंगे.
निकाय चुनावों पर हुई बातचीत
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा में चल रही केंद्रीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट के विषय में जानकारी ली गई और प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर भी PM ने उनसे अपडेट लिया. इस दौरान PM से भविष्य की परियोजनाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. बता दें कि इससे पहले उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद, CM सैनी ने अपने ‘X’ अकाउंट से पोस्ट शेयर की.
विश्व के सबसे लोकप्रिय जननेता, यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री @narendramodi जी से भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
हरियाणवियों से प्रधानमंत्री जी का प्रेम और लगाव अद्भुत है। उन्होंने प्रदेश में चल रहे स्थानीय निकाय चुनाव का फीडबैक लिया।
मैंने हरियाणा के मेरे… pic.twitter.com/xfsS13K7tW
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) February 27, 2025
इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
CM ने बताया कि प्रदेश के आधारभूत विकास और भविष्य की परियोजनाओं के बारे में भी प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी दी गई है. मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प में हरियाणा की भागीदारी पर चर्चा की. आधे घंटे चली इस बैठक में आगामी निकाय चुनावों को लेकर प्रधानमंत्री को जानकारी दी गई. वहीं, केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की रिपोर्ट भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई.
