नई दिल्ली | बस कुछ ही समय की बात है आप और हम नए साल में प्रवेश कर जाएंगे. अमूमन हर महीने की 1 तारीख को कई नए नियम लागू होते हैं. कुछ नियम नए होते हैं, तो कई बार पुराने नियमों में ही संशोधन कर दिया जाता है. इनका सीधी तौर पर जनता की जेब पर असर पड़ता है. आगामी 1 जनवरी 2025 को भी पीएफ, एलपीजी से लेकर कई तरह के नए नियम लागू होने वाले हैं. इनका भी आपके ऊपर सीधे तौर पर प्रभाव पड़ेगा. आज हम आपको इन्ही सब रूल्स के बारे में जानकारी देंगे.
लागू होंगे ये नए नियम
एलपीजी सिलेंडर के दाम : हर महीने की 1 तारीख को एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव देखने को मिलता है. कंपनियां नए महीने की शुरआत में एलपीजी सिलिंडर के दाम तय करती है. कुछ समय से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कई बदलाव देखने को मिले हैं, लेकिन 14 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम स्थिर बने हुए हैं. ऐसे में अनुमान है कि अबकी बार एलपीजी सिलेंडर के दामों में बदलाव देखने को मिल सकता है.
EPFO के नियम : अगर आप पीएफ खाता धारक हैं, तो 1 जनवरी से आपको एक अच्छा बदलाव देखने को मिलेगा. दरअसल, पीएफ खाता धारक नए साल से एटीएम मशीन से अपने पीएफ के पैसे निकाल पाएंगे. इस विषय में लेबर मिनिस्ट्री बड़े स्तर पर काम कर रही है. हाल ही में श्रम सचिव सुमिता डावरा ने बताया था कि लोगों को बेहतरीन सुविधाएं देने की दिशा में मंत्रालय काम कर रहा है और नए साल में खाता धारकों कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे.
यूपीआई 123Pay : आरबीआई द्वारा हाल ही में फीचर फोन यूजर के लिए अच्छी खुशखबरी दी गई है. अब उपभोक्ता यूपीआई 123Pay का इस्तेमाल करके ₹10000 तक का यूपीआई पेमेंट कर पाएंगे. 1 जनवरी 2025 से इस सुविधा की शुरुआत कर दी जाएगी. बता दें कि इससे पहले यह लिमिट ₹5000 निर्धारित की गई थी.
बढ़ेगी बिना गारंटी लोन लिमिट : हाल ही में आरबीआई द्वारा किसानों के लिए भी बड़ी राहत भरी खबर दी गई थी. दरअसल, अब किसान बिना गारंटी के ₹2,00,000 तक का लोन ले पाएंगे. इससे पहले यह सीमा 1.6 लाख रुपए निर्धारित की गई थी. बदले हुए यह नियम 1 जनवरी 2025 से लागू होंगे.
शेयर मार्केट में होंगे बदलाव : 1 जनवरी 2025 से नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने अपने कांटेक्ट के एक्सपायरी डे में बदलाव की घोषणा की है. 29 नवंबर को इस बारे एनएसई द्वारा एक सर्कुलर भी जारी कर दिया गया है. फिननिफ्टी, मिडसीपीनिफ्टी और निफ्टीनेक्स्ट 50 के मंथली कॉन्ट्रैक्ट्स संबंधित महीने के अंतिम गुरुवार को एक्सपायर माने जाएंगे. बैंकनिफ्टी के मंथली और क्वार्टर्ली कॉन्ट्रैक्ट्स एक्सपायरी मंथ के अंतिम गुरुवार को एक्सपायर होंगे.
