नई दिल्ली | केंद्र सरकार आज वित्त वर्ष 2025- 26 का आम बजट (Budget 2025) पेश कर रही है. बतौर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज आठवीं बार बजट पेश कर रही है. देश भर के लोगों की बजट पर नजरें हैं. बजट में किसान, महिलाएं, युवा और नौकरीपेशा लोगों सहित अन्य वर्गों के लिए भी बड़े ऐलान किए गए हैं.
किसानों को बड़ा तोहफा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किसान क्रेडिट कार्ड पर कर्ज की लिमिट 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रूपए करने का आज बजट में ऐलान किया है. वहीं, कपास की पैदावार बढ़ाने के लिए 5 साल तक मिशन मोड पर काम होगा. इससे देश के कपड़ा उद्योग को मजबूती मिलेगी. आगामी 6 साल में मसूर, उड़द और तुअर जैसी दालों की पैदावार बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा.
निर्मला सीतारमण ने कहा कि फसलों की उपज बढ़ाने के लिए पीएम धन- धान्य योजना शुरू की जाएगी. इस योजना से 1.7 करोड़ किसानों को फायदा होगा. राज्य सरकारों के सहयोग से देश के 100 जिलों में यह योजना चलाई जाएगी. एमएसएमई के लिए लोन गारंटी कवर 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ किया गया है. डेयरी और मत्स्य पालन करने पर 5 लाख रूपए का लोन मिलेगा.
नौकरीपेशा लोगों को सौगात
12 लाख रूपए तक की आय पर टैक्स नहीं देना होगा. पिछल 4 साल का IT रिटर्न एकसाथ फाइल किया जा सकेगा. बुजुर्ग नागरिकों के लिए TDS की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख की गई है.
