दिल्ली विधानसभा के लिए आम आदमी पार्टी ने घोषित किया नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री को सौंपी जिम्मेदारी

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं. 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा में 48 सीटों पर जीत दर्ज कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार बना चुकी है. वहीं, पिछले 3 टर्म से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (AAP) को 22 सीटों पर जीत हासिल हुई है. बीजेपी ने दिल्ली में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाया है, तो वहीं दूसरी ओर AAP पार्टी ने भी नेता प्रतिपक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है.

AAP Aam Aadmi Party

पूर्व मुख्यमंत्री होंगी नेता प्रतिपक्ष

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को नेता प्रतिपक्ष घोषित कर दिया है. रविवार यानि आज पार्टी मुख्यालय में हुई आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया है. AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि आज विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें सर्वसम्मति से पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को विपक्ष का नेता चुना गया है.

AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि मुश्किल भरे समय में आतिशी ने मुख्यमंत्री के तौर पर दिल्ली की जनता की सेवा की हैं. अब एक विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी निभाएंगी. उन्होंने कहा कि आतिशी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के विधायक विधानसभा में दिल्ली की जनता की आवाज बुलंद करने का काम करेंगे.

यह भी पढ़े -  खुशखबरी: दिल्ली में एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंच होगी आसान, 4 नए कॉरिडोर बनाएगी सरकार

लोगों की आवाज बुलंद करेगी पार्टी

उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान लोगों की मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और जहां कहीं भी सरकार कोई गलत काम करेगी, उसका विरोध किया जाएगा. विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली की जनता से जो वादे बीजेपी ने किए थे, उन्हें पूरा करवाने के लिए संघर्ष किया जाएगा. संघर्ष करने के लिए यदि सड़कों पर भी उतरना पड़ा, तो आम आदमी पार्टी पीछे नहीं हटेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.