पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन, जानें उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट

नई दिल्ली | हिंदुस्तान के दो बार प्रधानमंत्री रहें मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है. काफी लंबे समय से वह बीमार चल रहे थे. उन्हें कल रात करीब 8 बजे एम्स के मेडिकल एमरजेंसी में भर्ती कराया गया था, लेकिन डाक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. रात करीब 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.

Manmohan Singh

मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे. 1991 में वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने भारत में आर्थिक उदारीकरण की नींव रखी, जिससे देश की अर्थव्यवस्था वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई. वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस पार्टी ने कांग्रेस स्थापना दिवस समारोह समेत अपने सभी कार्यक्रम सात दिन के लिए रद्द कर दिए हैं.

शनिवार को होगा अंतिम संस्कार

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 11 बजे हो सकता है. कांग्रेस मुख्यालय में उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी. बताया जा रहा है कि उनकी एक बेटी विदेश में हैं और उनके हिंदुस्तान लौटने पर ही डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम विदाई दी जाएगी. केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर 7 दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है. उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में जलभराव खत्म करने की तैयारी, 266 किमी नालों का होगा निर्माण और सुधार

मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया: राहुल गांधी

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक पोस्ट में कहा है कि मनमोहन सिंह जी ने बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ देश का नेतृत्व किया. उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की समझ ने देश को आगे बढ़ाया. मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है. हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.