नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने मुख्यमंत्री के चेहरे का चुनाव कर लिया है. हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव की बेटी रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी. रेखा गुप्ता ने भाजपा के टिकट पर दिल्ली के शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता है. उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया है. उनके गांव से लेकर पूरे हरियाणा भर में खुशी की लहर दौड़ी है.
49 साल पहले छोड़ा था गांव
रेखा के गांव के पूर्व सरपंच हरिओम बताते हैं कि चाहे भले ही उनका परिवार 49 साल पहले गांव से चला गया था, लेकिन आज भी उनसे बेहद गहरा नाता है. उनका पुश्तैनी मकान गांव के ही चांदीराम ने लिया था और अब उनका परिवार वहां रहता है. जुलाना मंडी में आढ़त की दुकान चलाने वाले रेखा गुप्ता के चाचा रमेश जिंदल बताते हैं कि उनके परिवार का राजनीति से दूर- दूर तक नाता नहीं रहा. जब रेखा 2 साल की थीं, तब उनका परिवार दिल्ली चला गया था. उनका बचपन, शिक्षा व राजनीतिक जीवन दिल्ली में ही बीता है.
बुधवार शाम हुई घोषणा
गौरतलब है कि बुधवार शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिन्हें जिसमें रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुना गया. नंदगढ़ गांव में 1974 में जन्मीं रेखा गुप्ता जब 2 साल की थी, तब 1976 में उनके पिता मनीराम की नौकरी स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया में लग गई और उन्हें दिल्ली जाना पड़ा. वर्तमान में रेखा गुप्ता के चाचा गंगाराम और ताऊ जय भगवान के परिवार भी दिल्ली में ही रहते हैं.
जैसे ही रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के नाम पर मोहर लगी, उसके साथ ही जुलाना के अनाज मंडी में उनके चाचा रमेश जिंदल की दुकान के आसपास लोग और भाजपा कार्यकर्ता इकट्ठा होना शुरू हो गए. वहां लोगों ने आपस में मिठाइयां बांटी और पटाखे छुड़ाकर जश्न मनाया.
