नई दिल्ली | आज पेश हुए बजट में केंद्र सरकार ने गिग वर्कर्स के लिए बड़ी घोषणा की है. इस वर्ग के लोगों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए सरकार अब इनका ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करेगी, ताकि उन्हें आधिकारिक पहचान मिलेगी. इसके अलावा, सरकार इन कर्मचारियों को पहचान पत्र भी देगी, ताकि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें. सबसे खास बात यह है कि गिग वर्कर्स को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा भी दिया जाएगा. इससे वे गंभीर बीमारियों का मुफ्त इलाज करवा सकेंगे.
कौन होते हैं गिग वर्कर्स?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गिग वर्कर्स वे लोग होते हैं जो किसी कंपनी में स्थायी नौकरी करने की बजाय डिलीवरी बॉय, कैब ड्राइवर, फ्रीलांसर या ठेके पर काम करते हैं. आजकल ऑनलाइन कंपनियों में ऐसे कर्मचारियों की संख्या बहुत बढ़ रही है, लेकिन इनके पास पक्की नौकरी नहीं होती. लेकिन, अब सरकार की इस योजना से इन्हें पहचान और सुरक्षा दोनों मिल पाएंगी.
इन्हें मिलेगा 5 लाख तक का मुफ्त इलाज
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एक सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिसके तहत गरीब और ज़रूरतमंद परिवारों को ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलता है. यह दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में से एक है. इस योजना के लाभार्थी सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज करवा सकते हैं.
