नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन माने जाने वाली मेट्रो (Metro) से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन (एरोसिटी से तुगलकाबाद) का काम अब तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगा. साकेत से तुगलकाबाद तक बन रही इस 23.622 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन का एक बड़ा हिस्सा भूमिगत है, जबकि 4.279 किलोमीटर ट्रैक एलिवेटेड होगा.
यात्रियों को मिलेगा फायदा
इस प्रोजेक्ट में खानपुर रेड लाइट से हमदर्द टी- प्वाइंट तक 2.5 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है, जो मेट्रो ट्रैक के ठीक नीचे होगा. इससे महरौली- बदरपुर रोड पर साकेत से संगम विहार तक ट्रैफिक सिग्नल फ्री हो जाएगा, जिससे लोगों को बड़ी राहत पहुंचेगी.
इस प्रोजेक्ट में खानपुर मार्केट का 250 मीटर हिस्सा सबसे बड़ी अड़चन बना हुआ था. संकरी सड़क और भूमि अधिग्रहण की अड़चनों के चलते यहां मेट्रो का काम रूका हुआ था, लेकिन अब मंत्रालय स्तर पर इस समस्या का समाधान कर लिया गया है. जिसके बाद इस हिस्से में निर्माण कार्य फिर शुरू होगा.
बल्लभगढ़ का सफर होगा आसान
यह दिल्ली के उन चुनिंदा प्रोजेक्ट्स में शामिल है, जहां मेट्रो और फ्लाईओवर एक साथ बनाए जा रहे हैं. खानपुर रेड लाइट से हमदर्द टी- प्वाइंट तक मेट्रो ट्रैक के ठीक नीचे सिक्स लेन का फ्लाईओवर भी तैयार होगा, जिससे न सिर्फ मेट्रो यात्रियों को फायदा मिलेगा, बल्कि सड़क पर भी ट्रैफिक संचालन बेहतर होगा.
गोल्डन लाइन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का एक अहम हिस्सा बनने जा रही है. यह छतरपुर में येलो लाइन को क्रॉस करेगी, जिससे यात्री हुडा सिटी सेंटर और समयपुर बादली के लिए मेट्रो बदल सकेंगे. तुगलकाबाद में वायलेट लाइन से जुड़ाव होगा, जिससे यात्री आनंद विहार आइएसबीटी और बल्लभगढ़ की ओर आसानी से सफर कर सकेंगे.
