नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां अब 1.20 लाख रुपए सालाना आमदनी वाले परिवारों को भी राशनकार्ड की सुविधा का लाभ मिलेगा. पहले यह सीमा 1 लाख रुपए तक थी लेकिन अब इसमें बढ़ोतरी कर 1.20 लाख रुपए कर दिया गया है. सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता वाली मंत्रिमण्डल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है.
दिल्ली में फूड सिक्योरिटी गरीबों का अधिकार
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि फूड सिक्योरिटी कोई अहसान नहीं बल्कि गरीबों का अधिकार है. कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सिस्टम की खामियों के चलते भूखा न रहे, इसी उद्देश्य से वार्षिक आय सीमा को बढ़ाया गया है. अब नए नियमों के तहत, 1.20 लाख रुपए सालाना आमदनी वाले परिवारों के राशनकार्ड बनेंगे जिसके बाद वे राशन डिपो से सस्ती दरों पर खाद्य सामग्री ले सकेंगे.
राजस्व विभाग जारी करेगा इनकम सर्टिफिकेट
उन्होंने बताया कि इस संबंध में राजस्व विभाग की ओर से जारी आय प्रमाणपत्र अनिवार्य किया गया है. इससे सेल्फ वेरिफिकेशन का सिस्टम खत्म हो जाएगा. सरकार जल्द ही इसके तहत राशन कार्ड के लंबित आवेदनों का निपटारा शुरू करेगी. वहीं, पहले आओ पहले पाओ की व्यवस्था भी खत्म कर दी गई है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब जिला स्तरीय कमेटियों के जरिए आवेदनों की जांच, स्वीकृति और प्राथमिकता तय होगी. इससे सबसे ज्यादा जरूरतमंद परिवारों को सूची में पहले जगह मिलेगी. जिलास्तरीय कमेटी को प्राथमिकता तय करने की सेंट्रल यूनिट बनाया गया है. इसकी अध्यक्षता जिला मजिस्ट्रेट यानि डीएम या एडीएम करेंगे और इस कमेटी में लोकल विधायक और संबंधित अधिकारी शामिल होंगे.
