दिल्ली आने वाले कांवड़ियों के लिए जरूरी खबर, इन रास्तों से करें यात्रा; एक्सप्रेसवे पर रोक

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में सावन (Sawan 2026) का महीना शुरू होते ही कांवड़ियों की आमद तेज हो गई है. बृहस्पतिवार को हरियाणा और राजस्थान से बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर राजधानी पहुंचने लगे. दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे को इस बार कांवड़ मार्ग में शामिल नहीं किया गया है क्योंकि इसके एलिवेटेड हिस्से पर बाइक, रिक्शा और आटो जैसे वाहनों की आवाजाही पहले से प्रतिबंधित है. यहां वाहनों की रफ्तार सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा तय है, जिस वजह से पैदल चलने वाले कांवड़ियों के लिए यह मार्ग सुरक्षित नहीं माना गया.

Kanwar Yatra

पिछले दो दिन में दिल्ली यातायात पुलिस ने प्रतिबंधित वाहनों के खिलाफ 40 चालान काटे हैं. भजनपुरा के सर्किल इंस्पेक्टर विकास कुमार की टीम को एक्सप्रेसवे के प्रवेश और निकासी बिंदुओं पर तैनात किया गया है ताकि नियमों का उल्लंघन रोका जा सके.

एक्सप्रेसवे पर रोक

पूर्वी रेंज के डीसीपी के रमेश के मुताबिक, यह एक्सप्रेसवे सीधे देहरादून तक जाता है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की पुलिस ने आपस में तालमेल बनाकर इसे कांवड़ मार्ग से बाहर रखने का फैसला लिया. एलिवेटेड रोड पर बाइक, आटो और ई- रिक्शा को बिल्कुल भी अनुमति नहीं दी जा रही. वहीं, कांवड़ियों को सुरक्षित रास्तों की तरफ मोड़ा जा रहा है और उनकी सुरक्षा के लिए जगह- जगह पुलिसबल तैनात है. उन्होंने बताया कि शाहदरा जीटी रोड, वजीराबाद रोड और एनएच- 9 को कांवड़ मार्ग बनाया गया है, जहां पुलिसकर्मी यातायात संभालने में जुटे हैं.

भक्तों का पहुंचना शुरू

इसी बीच सीलमपुर स्थित कांवड़ शिविर में भी शिवभक्तों का पहुंचना शुरू हो गया. शिविर के चेयरमैन कैलाश जैन ने बताया कि पहले ही दिन करीब 50- 60 भोले भक्त कांवड़ लेकर शिविर पहुंचे. यहां आने वाले कांवड़ियों के विश्राम और भोजन- प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई है. इस अवसर पर महामंत्री अशोक मित्तल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल और कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश मित्तल भी मौजूद रहे.

यह भी पढ़े -  हरिद्वार जाने वालों के लिए खुशखबरी, दिल्ली से अब बिना ट्रेन बदले पहुंच सकेंगे श्रद्धालु
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.