नई दिल्ली | रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि यात्रियों की सुविधा में इजाफा करने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा निरंतर नए बदलाव किए जा रहे हैं. टिकट बुकिंग से लेकर तत्काल टिकट बुकिंग सिस्टम में ताबड़तोड़ बदलाव किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में रेलवे ने अब रिजर्वेशन चार्ट को लेकर बड़ा बदलाव किया है.
वेटिंग टिकट वालों को मिलेगा फायदा
इसका तगड़ा फायदा वेटिंग टिकट वालों को मिलेगा, जो ट्रेन खुलने से पहले- पहले तक इस अधर में अटके रहते हैं कि उनकी टिकट कंफर्म हुई है या नहीं. यदि कंफर्म हुई है, तो सीट कौन- सी होगी. वेटिंग टिकट वालों को टिकट कन्फर्मेशन के लिए रिजर्वेशन चार्ट पर निर्भर रहना पड़ता है. ट्रेन खुलने से 4 घंटे पहले तक उन्हें पता नहीं चलता है कि वो यात्रा कर पाएंगे कि नहीं, लेकिन अब इस प्रकिया में बड़ा बदलाव किया गया है.
रेलवे बोर्ड ने तय किया है कि चाहे ट्रेन रवानगी का समय कुछ भी हो, लेकिन उसका रिजर्वेशन चार्ट कम- से- कम 10 घंटे पहले फाइनल हो जाएगा. अब ट्रेन खुलने से 10 घंटे पहले पता चल जाएगा कि आपकी सीट कंफर्म हुई कि नहीं. आपको अपनी सीट की स्थिति जानने के लिए 10 घंटे का समय मिलेगा जबकि पहले यह समय 4 घंटे का था.
बिना ओटीपी नहीं मिलेगा टिकट
रेलवे के नए नियमानुसार, सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों का रिजर्वेशन चार्ट एक दिन पहले शाम 8 बजे तक बन जाएगा यानि आपको पहले वाली रात पता चल जाएगा कि आपकी टिकट कंफर्म हुई है कि नहीं. इसी तरह से जो ट्रेन दोपहर 2 बजे से अगली सुबह 5 बजे से पहले चलनी है, उनका रिजर्वेशन चार्ट कम से कम 10 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट तैयार करेगा.
फर्जी IRCTC पर लगाम लगाने और टिकट बुकिंग को आसान बनाने के लिए रेलवे ने ओटीपी को अनिवार्य कर दिया है. बिना ओटीपी के तत्काल टिकटों की बुकिंग नहीं हो सकेगी. बिना KYC वाले अकाउंट बंद कर दिए गए हैं.
