नई दिल्ली | अगर आप माता वैष्णो देवी के दर्शन करने की सोच रहे हैं, तो इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IRCTC) एक बेहतरीन टूर पैकेज लेकर आया है. इस पैकेज के जरिए श्रद्धालु आरामदायक यात्रा सुविधाओं के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन कर सकते हैं. IRCTC ने इस टूर पैकेज को ‘MATA VAISHNO DEVI EX DELHI (WEEKDAY)’ नाम दिया है. इसका कोड NDR01 है.
किसी भी दिन करें बुक
इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे किसी भी दिन बुक किया जा सकता है, क्योंकि इसकी कोई फिक्स डेट तय नहीं की गई है. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12425) में 3AC क्लास में सफर करने का मौका मिलेगा. यह ट्रेन रात 8:40 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और अगली सुबह 5 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंचेगी. वहां से यात्रियों को कटरा तक ले जाने की सुविधा दी जाएगी, जहां होटल में ठहरने की व्यवस्था होगी.
मिलेंगी यह सुविधाएं
यात्रियों को ताज विवांता होटल में चेक- इन के बाद नाश्ता मिलेगा और फिर उन्हें बाणगंगा तक छोड़ा जाएगा, जहां से वे माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा शुरू कर सकते हैं. दर्शन के बाद श्रद्धालु वापस होटल लौटेंगे, जहां रात का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. अगले दिन सुबह नाश्ता करने के बाद चेक- आउट होगा और यात्रियों को जम्मू रेलवे स्टेशन ले जाया जाएगा. रास्ते में कांड कंडोली मंदिर, रघुनाथ मंदिर और बागे बहू गार्डन के दर्शन भी कराए जाएंगे. शाम 6:30 बजे सभी यात्री जम्मू से नई दिल्ली के लिए ट्रेन में सवार होंगे और चौथे दिन सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंच जाएंगे.
किराया और बुकिंग प्रक्रिया
IRCTC ने इस पैकेज को यात्रियों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है. सिंगल ऑक्यूपेंसी का किराया ₹10,770, डबल ऑक्यूपेंसी का ₹8,100 और ट्रिपल ऑक्यूपेंसी का ₹6,990 है. वहीं, 5 से 11 साल के बच्चों का किराया बेड के साथ ₹6,320 और बिना बेड के ₹5,255 रखा गया है. इस टूर पैकेज को बुक करने के लिए श्रद्धालु www.irctctourism.com वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं.
