नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में मेट्रो, रेल और बसों के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली- एनसीआर को रैपिड ट्रांजिट सिस्टम से कनेक्ट करने की दिशा में दिल्ली- मेरठ रिजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) प्रोजेक्ट को शुरू किया गया है. इस प्रोजेक्ट को लेकर अच्छी खबर सामने आई है.
NCRTC ने दी खुशखबरी
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने दिल्ली- एनसीआर के लोगों को बड़ी खुशखबरी सुनाते हुए कहा कि गाजियाबाद के साहिबाबाद से दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक RRTS के ट्रायल रन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. इस रूट पर जल्द ही नमो भारत ट्रेन का ट्रायल लिया जाएगा.
NCRTC की मानें तो ट्रायल रन के कंप्लीट होते ही जनवरी 2025 में साउथ मेरठ- साहिबाबाद RRTS कॉरिडोर का विस्तार साउथ मेरठ से दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक हो जाएगा. इस तरह इस RRTS कॉरिडोर का कुल 54 किलोमीटर का स्ट्रेच ऑपरेशनल हो जाएगा. फिलहाल, नमो भारत ट्रेन का कॉरिडोर के 42 किलोमीटर हिस्से पर संचालन हो रहा है.
40 मिनट में पहुंचेंगे मेरठ
नोएडा बॉर्डर पर स्थित न्यू अशोक नगर से RRTS कॉरिडोर के ऑपरेशनल होने से बड़ी तादाद में लोगों को सुविधा होगी. दिल्ली से मेरठ या फिर गाजियाबाद का सफर तय करना काफी आरामदायक हो जाएगा.
साउथ मेरठ से साहिबाबाद के बीच 42 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच पर नमो भारत ट्रेन पहले से ही फर्राटा भर रही है. साहिबाबाद के न्यू अशोक नगर से जुड़ने के बाद कुल 54 किलोमीटर के दायरे में नमो भारत ट्रेनें ऑपरेशनल हो जाएंगी. इसके साथ ही, दिल्ली से मेरठ के सफर को मात्र 35 से 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.
NCRTC ने दी ताजा जानकारी
NCRTC के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सराय काले खां में अब निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है. न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के बीच ट्रैक बिछाने का काम जोरो- शोरों पर है. इसके पूरा होते ही न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के बीच ट्रायल रन शुरू कर दिया जाएगा. ट्रायल रन के बाद इस सेक्शन पर भी नमो भारत ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. उन्होंने बताया कि RRTS स्टेशन पर एक हजार से ज्यादा वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा करने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो.
