नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब संगम विहार क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. यहां शूटिंग रेंज टी- प्वाइंट से लेकर संगम विहार J- ब्लॉक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तक कॉलोनी के पीछे की तरफ 5 किलोमीटर लंबी नई फोरलेन सड़क बनाई जाएगी.

दिल्ली में DPR तैयार करने के निर्देश
इस प्रोजेक्ट को धरातल पर अमलीजामा पहनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए एजेंसी की तलाश शुरू कर दी है. एजेंसी से करार होने के बाद उसे DPR तैयार करने के लिए 35 दिन का समय दिया जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर खर्च होने वाली लागत राशि का अनुमान DPR तैयार होने के बाद ही लगाया जा सकेगा.
चंद मिनटों में पूरा होगा सफर
PWD के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल संगम विहार से महरौली- बदरपुर रोड तक पहुंचने के लिए रतिया सड़क मार्ग का इस्तेमाल हो रहा है. 3 किलोमीटर लंबी यह सड़क बहुत ज्यादा संकरी हैं जिसके चलते यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. इस वजह से महरौली- बदरपुर रोड तक पहुंचने में 30 से 35 मिनट का समय लग जाता है. अब नई फोरलेन सड़क बनने से लोगों को इस ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी.
उन्होंने बताया कि नई फोरलेन सड़क निर्माण से संगम विहार से महरौली- बदरपुर रोड तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा. जहां पहले सफर में आधे घंटे तक का समय लगता था लेकिन फोरलेन सड़क निर्माण से यह समय घटकर मात्र 5 से 10 मिनट तक रह जाएगा. वाहन चालकों का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी. इससे क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी.