नई दिल्ली | आधुनिकता के इस युग में ऑनलाइन पेमेंट के प्रचलन में बड़े स्तर पर तेजी आई है. गोलगप्पे की रेहड़ी पर 20 रुपए देने हो या फिर किसी बड़ी खरीदारी का भुगतान करना हैं, ज्यादातर समय ऑनलाइन माध्यम का ही इस्तेमाल किया जाने लगा है. यदि आप भी Google Pay, Phone Pay या Paytm का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि आज यानि 1 अप्रैल से UPI का तरीका बदल गया है.
नए तरीके से होगी ऑनलाइन पेमेंट
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बताया कि आज से ऑनलाइन पेमेंट के नियमों में एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है. जिसका सीधा असर आपके रोजमर्रा के लेन- देन पर पड़ने वाला है. अब आपकी पूंजी पहले से ज्यादा सुरक्षित हो जाएगी. हालांकि, पेमेंट करते समय थोड़ा टाइम ज्यादा लग सकता है.
अब तक आप दुकान या शोरूम पर लगे QR कोड को स्कैन करते थे और UPI पिन डालते ही झट से पेमेंट हो जाती थी लेकिन अब RBI ने सुरक्षा को बढ़ाते हुए ‘टू- फैक्टर ऑथेंटिकेशन’ यानि दोहरी सुरक्षा को अनिवार्य कर दिया है. इसका मतलब हुआ कि अब ऑनलाइन पेमेंट करते समय सिर्फ UPI पिन नंबर डालना ही काफी नहीं होगा. इसके साथ ही आपको एक और सुरक्षा घेरा पार करना होगा.
यह दूसरा स्टेप आपके फोन पर आया हुआ OTP या आपके फिंगरप्रिंट या फिर फेस आईडी हो सकता है. जब तक ये दोनों चीज़ें एक साथ मैच नहीं होंगी, आपके बैंक खाते से कोई भी पैसा नहीं कटेगा.
ऑनलाइन स्कैम पर लगेगी रोक
इस नए नियम से ऑनलाइन ठगी और स्कैम पर अंकुश लगाने में बड़े स्तर पर मदद मिलेगी. यदि किसी जालसाज को आपका UPI पिन पता भी चल गया तो भी बिना आपके फिंगरप्रिंट या ओटीपी के वह आपके बैंक अकाउंट से सिंगल 1 रुपया भी नही निकाल पाएगा. इससे आपकी उम्र भर की खून- पसीने की कमाई पूरी तरह से सुरक्षित रहेगी.
ऐप्स को करें अपडेट
सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में मौजूद सभी UPI ऐप्लिकेशन को अपडेट कर ले ताकि नया सिस्टम बिना किसी रूकावट के काम कर सकें.
अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर फिंगरप्रिंट या फेस लॉक को ज़रूर ऑन कर लें. इससे पेमेंट करते समय दूसरा स्टेप बहुत जल्दी पूरा हो जाएगा और आपको बार- बार OTP का इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा.
