कश्मीरी गेट ISBT से सोनीपत जाने वाली बसों का बदलेगा रूट, अब इस नए रास्ते से पूरी होगी यात्रा

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब कश्मीरी गेट ISBT से सोनीपत और चंडीगढ़ सहित उत्तर भारत के राज्यों के लिए जाने वाली बसों के कारण रिंग रोड और बाहरी रिंग रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है.

Vahan Gadi Car

दिल्ली सरकार और ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त निरीक्षण के बाद जारी की गई एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि कश्मीरी गेट ISBT से उत्तर भारत के राज्यों को जाने वाली बसें अब रिंग रोड और बाहरी रिंग रोड से नहीं गुजरेगी.

कश्मीरी गेट ISBT से बदलेगा रूट

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर भारत के राज्यों की ओर जाने वाली बसें देहरादून एक्सप्रेस-वे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से होते हुए सोनीपत पहुंचेगी. इससे रिंग रोड और बाहरी रिंग रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी. वहीं, दूसरे चरण में उत्तर भारत से कश्मीरी गेट बस स्टैंड आने वाली बसों के लिए भी देहरादून एक्सप्रेसवे रूट इस्तेमाल में लाया जा सकता है.

मौजूदा रूट

मौजूदा रूट के तहत ISBT से उत्तर भारत के राज्यों के लिए आवागमन करने वाली बसें रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, NH- 1 से सोनीपत होते हुए सफर पूरा करती है. अब नए प्रस्तावित रूट के अन्तर्गत कश्मीरी गेट ISBT से उत्तर भारत जाने के लिए ये बसें रिंग रोड पर पहुंचकर यूटर्न ऑफ फ्लाईओवर से जीटी रोड होते हुए शास्त्री पार्क पहुंचेंगी और वहां से देहरादून एक्सप्रेसवे पर चढ़कर बागपत के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए सोनीपत में NH- 1 पर पहुंचेगी. इसके बाद, उत्तर भारत के राज्यों चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू- कश्मीर के लिए आगे बढ़ जाएगी.

यह भी पढ़े -  Indian Airforce Sweeper Jobs: ऑफलाइन भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, फटाफट करें अप्लाई

मिली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी

DTC के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी मिल चुकी है. जल्द ही इसे धरातल पर अमलीजामा पहनाया जाएगा. इस नए प्रयोग से दोनों रिंग रोड से ट्रैफिक दबाव कम करने में सफलता मिलेगी. उन्होंने बताया कि जल्द ही इन बसों के नए रूट के लिए सूचना बोर्ड आदि लगाने का काम किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.