नई दिल्ली, Rule Changes | आज से फरवरी महीने की शुरुआत हो चुकी है. आज ही वित्त वर्ष 2025- 26 का आम बजट (Budget 2025) पेश किया जाएगा. आज बजट पेश होने के बाद कई नई चीजें सामने आएंगी. उससे पहले ही आज से कई ऐसे बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा संबध आपकी जेब से है, जो आपकी जिंदगी पर असर डालने वाले हैं.
UPI में स्पेशल करेक्टर
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI ID को लेकर स्पष्ट किया है कि इसमें स्पेशल कैरेक्टर इस्तेमाल नहीं होंगे. यानि 1 फरवरी से UPI ID में @, #, !, % आदि रखने की परमिशन नहीं होगी. अब केवल अल्फा- न्यूमेरिक (अक्षर और अंक) ट्रांजैक्शन आईडी ही मान्य होंगे. अगर किसी ट्रांजैक्शन में अन्य प्रकार की आईडी होगी तो वह फेल हो जाएगी.
बैंकिंग में बदलाव
कोटक महिंद्रा समेत कुछ बैंकों ने अपनी कुछ सेवाओं और शुल्क में बदलाव की घोषणा की है, जो 1 फरवरी यानि आज से लागू होंगे. इनमें प्रमुख बदलाव ATM ट्रांजैक्शन की फ्री लिमिट में कटौती और अन्य बैंकिंग सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी है. इन बदलावों का असर निश्चित रूप से आप पर पड़ेगा. आप संबंधित बैंक की वेबसाइट से इसकी विस्तृत जानकारी हासिल कर सकते हैं.
GST से जुड़ी नई अपडेट
जिन GST टैक्सपेयर्स का कुल सालाना टर्नओवर 5 करोड़ रुपये से अधिक हो, उनके लिए ई- वे बिल और ई- इनवायस सिस्टम्स के अपग्रेडेड वर्जन के इस्तेमाल में मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन 1 फरवरी से जरूरी कर दिया जाएगा. 20 करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर वालों के लिए यह 1 जनवरी से ही अनिवार्य किया जा चुका है.
मारुति की गाड़ी खरीदना हुआ महंगा
देश की सबसे प्रचलित कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने बढ़ती लागत के मद्देनजर 1 फरवरी से गाड़ियों की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है. जिन मॉडलों की कीमत बढ़ेंगी, उनमें ऑल्टो K10, एस- प्रेसो, सेलेरियो, वैगन आर, स्विफ्ट, डिजायर, ब्रेजा, अर्टिगा, इग्निस, बलेनो, सियाज, XL6, फ्रोंक्स, इनविक्टो, जिम्नी और ग्रैंड विटारा शामिल हैं. अलग- अलग मॉडलों की कीमत में साढ़े 32 हजार रूपए तक बढ़ोतरी हुई है.
एलपीजी सिलेंडर सस्ता
फ़रवरी महीने के पहले ही दिन एक अच्छी खबर सामने आई है. आज यानि 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2025-26 का आम बजट पेश किया जाएगा, लेकिन उससे पहले ही लोगों के लिए यह खबर राहत लेकर आई है. बता दें कि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 7 रूपए की कटौती हुई है. इंडियन आयल की वेबसाइट के अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 7 रूपए की कटौती के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नई कीमत 1797 रूपए हो गई है, जबकि पहले 1804 रूपए का मिल रहा था.
