नई दिल्ली | श्री माता वैष्णोदेवी कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. नए साल के शुभ अवसर पर माता वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को भारतीय रेलवे ने स्पेशल ट्रेन की सौगात दी है. यह ट्रेन नई दिल्ली से रवाना होकर हरियाणा और पंजाब से होते हुए कटरा का सफर तय करेगी.
श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान
जम्मू मंडल द्वारा श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा को सुगम बनाने के लिए नए साल के उपलक्ष में रेलवे द्वारा नई दिल्ली श्री माता वैष्णो देवी कटरा- नई दिल्ली विशेष आरक्षित ट्रेन नंबर 04081/ 04082 चलाने का फैसला लिया गया हैं. इस स्पेशल ट्रेन का संचालन 27 दिसंबर यानि आज से 1 जनवरी 2026 तक रहेगा. नए साल पर श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़-भाड़ को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है.
यह रहेगा शेड्यूल
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह विशेष आरक्षित ट्रेन अपने पहले दिन 27 दिसंबर को नई दिल्ली से रात 11.45 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर में 12 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी. बीच रास्ते यह ट्रेन पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तथा शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
इसी तरह वापसी में विशेष आरक्षित ट्रेन अपने पहले दिन श्री माता वैष्णो देवी कटरा से 28 दिसंबर को रात 09.20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. बीच रास्ते यह ट्रेन शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर), जम्मू, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र तथा पानीपत रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
