नई दिल्ली | कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की तरफ से कल संयुक्त उच्चतर माध्यमिक (10+2) स्तरीय परीक्षा 2025 (CHSL) के टियर- वन का रिजल्ट जारी कर दिया गया है. परीक्षा का आयोजन 12 नवंबर से 30 नवंबर तक कंप्यूटर आधारित मोड में हुआ था. आयोग के मुताबिक, परीक्षा विभिन्न शिफ्टों में आयोजित हुई थी इस वजह से अभ्यर्थियों के अंकों का नार्मलाइजेशन तय फार्मूले के अनुसार किया गया है. इसी सामान्यीकृत अंकों के आधार पर 39,901 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है.
इस प्रकार रही कटऑफ
सफल अभ्यर्थी अब टियर- टू की परीक्षा में शामिल होंगे. SSC द्वारा न्यूनतम अर्हता अंक निर्धारित किए गए है. इसके मुताबिक, टियर वन में सामान्य वर्ग के लिए 30 प्रतिशत, ओबीसी ईडब्ल्यूएस के लिए 25 प्रतिशत और अन्य सभी वर्ग के लिए 20 प्रतिशत न्यूनतम अर्हता अंक तय है. आयोग द्वारा 3 श्रेणियों में अलग- अलग कट- ऑफ जारी की गई है. अगर कट ऑफ की बात करें तो एलडीसी/ जेएसए क्लर्क कम- टाइपिस्ट पद के लिए सामान्य वर्ग की कट- ऑफ 144.25858 अंक जबकि ओबीसी के लिए 143.83055 और ईडब्ल्यूएस के लिए 141.42492 अंक रही.
2 अभ्यर्थियों का रिजल्ट नहीं हुआ जारी
इस श्रेणी में कुल 37,520 अभ्यर्थी टियर- टू के लिए सेलेक्ट हुए है. डीईओ (साइंस स्ट्रीम) पद के लिए सामान्य वर्ग की कट- ऑफ 169.54438 अंक निर्धारित की गई है. अन्य श्रेणियों की कटऑफ भी जारी की गई है. इसमें कुल 614 अभ्यर्थियों को अगली परीक्षा के लिए चुना गया है. डीईओ (अन्य स्ट्रीम) में सामान्य वर्ग की कट- ऑफ 165.26551 अंक रही. इस श्रेणी में कुल 1,767 अभ्यर्थियों को टियर-टू में शामिल होने का मौका मिलेगा. आयोग के मुताबिक, दो अभ्यर्थियों का परिणाम निरस्त/ प्रतिबंध के कारण जारी नहीं किया गया है.
जल्द जारी होगा परीक्षा का कार्यक्रम
10 अभ्यर्थियों का रिजल्ट विभिन्न कारणों (जैसे न्यायालयीन प्रकरण) से रोक दिया गया है. उन्हें सशर्त रूप से टियर- टू में बैठने की अनुमति रहेगी, यह उम्मीदवार टियर 2 की परीक्षा में शामिल हो पाएंगे. एसएससी के अनुसार टियर- टू परीक्षा का कार्यक्रम जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा.
आयोग की तरफ से जानकारी दी गई है कि टियर-वन की फाइनल आंसर की के आधार पर मूल्यांकन किया गया है व योग्य और अयोग्य दोनों प्रकार के अभ्यर्थियों के अंक जल्द ही वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे. वेबसाइट पर मार्क्स अपलोड होने के बाद सभी योग्य और अयोग्य उम्मीदवार अपने अंक चेक कर पाएंगे.
