नई दिल्ली | देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन की तैयारियां शुरू हो चुकी है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) इस ट्रेन के जरिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को श्रीनगर से कनेक्टिविटी देगा. उधमपुर- श्रीनगर- बारामुल्ला रेल लिंक (USBRL) के तहत, तैयार हुआ ये प्रोजेक्ट जल्द ही शुरू हो जाएगा. इस ट्रेन के जरिए यात्री कश्मीर की खूबसूरत वादियों से होते हुए सफर का मजा उठा सकेंगे.
800 किमी का सफर होगा आसान
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शाम 7 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे श्रीनगर पहुंचेगी. 800 किलोमीटर की इस दूरी को वंदे भारत ट्रेन मात्र 13 घंटे में पूरा करेगी. यह पहली बार है जब राजधानी और कश्मीर घाटी के बीच रेल संपर्क शुरू किया जाएगा.
यह रहेगा किराया
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 11 एसी 3- टायर (3A) कोच, 4 एसी 2- टायर (2A) कोच और 1 फर्स्ट (1A) एसी कोच रहेगा. इस ट्रेन में टिकट की कीमत की बात करें, तो 3AC कोच का किराया 2000, 2AC कोच का 2,500 और 1AC कोच का किराया 3,000 रुपये निर्धारित किया गया है.
इन स्टेशनों पर ठहराव
नई दिल्ली से श्रीनगर के बीच संचालित होने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बीच रास्ते दोनों दिशाओं में 7 स्टेशनों पर ठहराव करेगी. दिल्ली से रवाना होकर यह ट्रेन हरियाणा के अंबाला कैंट, लुधियाना जंक्शन, कठुआ, जम्मूतवी स्टेशन, श्री माता वैष्णों देवी कटरा स्टेशन, संगलदान स्टेशन, बनिहाल स्टेशन और श्रीनगर स्टेशन पर ठहराव करेगी.
कटरा से बदलनी होगी ट्रेन
नई दिल्ली से कश्मीर को जोड़ने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सीधे श्रीनगर नही जाएगी. यह ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी, कटरा स्टेशन तक संचालित होगी. यहां पर सभी यात्रियों को दूसरी वंदे भारत ट्रेन में सवार होना पड़ेगा. जो आगे कटरा से श्रीनगर के सफर को पूरा करेगी. इस ट्रेन का सफलतापूर्वक ट्रायल हो चुका है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसी भी समय इस ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखा सकते हैं.
