नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) का बिगुल बज चुका है. यहां 5 फरवरी को मतदान और 8 फरवरी को चुनावी परिणाम घोषित होगा. वोटर्स को रिझाने के लिए सत्तासीन आम आदमी पार्टी (AAP) की बात करें या फिर सत्ता हासिल करने की कोशिश में जुटी बीजेपी और कांग्रेस, हर दिन नई घोषणाएं कर रही है. इसी कड़ी में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज फिर दिल्ली में रहने वालों के लिए 2 बड़ी घोषणाएं की है.
किरायेदारों को बड़ी सौगात
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में किराए के मकानों पर रहने वाले लोगों को आम आदमी पार्टी सरकार की फ्री पानी और बिजली योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. इन लोगों को भी ये लाभ मिलना चाहिए. केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली में जहां भी जाता हूं, वहां लोग यही बात कहते हैं कि हमें अन्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है. मगर हमें फ्री बिजली और पानी का लाभ नहीं मिल रहा है. सभी किराएदार यही शिकायत कर रहे हैं.
दिल्ली में दोबारा आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर मुफ़्त बिजली-पानी का फ़ायदा हर किरायेदार को मिलेगा, उन्हें भी सब्सिडी का फ़ायदा मिलेगा।
ये केजरीवाल की गारंटी है – हर किरायेदार को समान अधिकार और सुविधाएँ दी जाएँगी। pic.twitter.com/jtRHbnSR2v
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) January 18, 2025
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यदि दिल्ली में हमारी पार्टी सत्ता में वापसी करती है तो हम ऐसी योजना लाएंगे जिसमें किराएदारों को फ्री बिजली और पानी मिल सकेगा. यह हमारी पार्टी की गारंटी है. बता दें कि इससे पहले भी आम आदमी पार्टी महिलाओं और बुजुर्गो के लिए भी बड़ी घोषणाएं कर चुके हैं, जिसमें महिलाओं को हर महीने नकद राशि की आर्थिक मदद और बुजुर्गो के लिए फ्री इलाज की सुविधा देने का ऐलान किया गया है.
