नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई सरकार ने प्रदुषण पर रोकथाम लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. राजधानी को प्रदुषण मुक्त करने के लिए पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अधिकारियों के साथ एक मैराथन मीटिंग की, जिसमें प्रदुषण की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और कई बड़े फैसले लिए गए हैं.
1 अप्रैल से इन गाड़ियों को नहीं मिलेगा ईंधन
बैठक में हुए फैसले की जानकारी देते हुए पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि 1 अप्रैल से दिल्ली में 15 साल पुरानी गाड़ियों को पेट्रोल- डीजल मिलना बंद हो जाएगा. ऐसी गाड़ियों को किसी भी पेट्रोल- पंप पर पेट्रोल- डीजल नहीं मिलेगा. उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंपों पर ऐसा गैजेट लगाया जाएगा, जो 15 साल पुरानी गाड़ियों की पहचान करेगा और उन्हें पेट्रोल- डीजल नहीं दिया जाएगा.
मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि इसी के साथ एक टीम का गठन भी किया जाएगा, जो 15 साल पुरानी गाड़ियों को ढूंढकर दिल्ली से बाहर निकालने का काम करेगी. प्रदुषण मुक्त दिल्ली बनाने के फैसलों पर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में बंजर जमीन पर पौधारोपण किया जाएगा, ताकि प्रदुषण को कंट्रोल किया जा सकें.
दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों को मिलेगा लाभ
पर्यावरण मंत्री ने बताया कि वृक्षारोपण अभियान में दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स को शामिल किया जाएगा. यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर एक ऐसा सिस्टम लाया जाएगा, जिससे अभियान में शामिल होने के लिए किसी सर्टिफिकेट या नंबर के जरिए स्टूडेंट्स को इसका लाभ मिल सके. इसके अलावा, प्रदुषण बढ़ाने में IGI एयरपोर्ट की क्या भूमिका है, इसका भी एक डेटा निकाला जाएगा.
