नई दिल्ली | केंद्र सरकार (Central Govt) ने वित्त वर्ष 2025- 26 का बजट पेश करने से पहले किसानों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने गन्ने से बनने वाले एथेनॉल की कीमत में बढ़ोतरी को मंजूरी प्रदान कर दी है. मोदी सरकार के इस फैसले से गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक तौर पर लाभ मिलेगा.
केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सबसे बड़ा फैसला एथेनॉल ब्लेंडिंग से जुड़ा हुआ है. पेट्रोल में मिलाए जाने वाले एथेनॉल को जहां पहले सरकारी कंपनियां 56.58 रूपए प्रति लीटर के भाव पर खरीद करती थी, लेकिन अब इसे 57.97 रूपए प्रति लीटर के भाव पर खरीदा जाएगा.
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि एथेनॉल की कीमत में 3% की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाया जाएगा. बता दें कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल में 20% एथेनॉल ब्लेंडिंग की छूट प्रदान की है. इसका मकसद कच्चे तेल का आयात कम करना है, ताकि विदेशी मुद्रा बचाई जा सके.
मोदी सरकार की इस पहल से पिछले एक दशक में 1,13,007 करोड़ रूपए की विदेश मुद्रा बचाई गई है. साल 2013- 14 में जहां सिर्फ 38 करोड़ लीटर एथेनॉल मिलाया जाता था. अब वह बढ़कर 707 करोड़ लीटर हो गया है. तेल कंपनियां पेट्रोल में 14.60 प्रतिशत तक एथेनॉल मिला रही है, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 18% किया जाएगा.
