गणतंत्र दिवस परेड को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन रास्तों पर बंद रहेगी आवाजाही

नई दिल्ली | 26 जनवरी के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 76वें गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई है. गणतंत्र दिवस की परेड सुबह साढ़े 10 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किले के लिए आगे बढ़ेगी. इस समारोह के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है. जिसके मुताबिक परेड के रास्तों पर वाहनों के आवागमन पर पूर्णतः रोक रहेगी.

Republic Day Parade

दिल्ली में आज शाम से ही ट्रैफिक एडवाइजरी लागू हो जाएगी. इस दौरान कई सड़क मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी. ऐसे में यदि आप भी दिल्ली से सफर कर रहे हैं तो एक बार ट्रैफिक एडवाइजरी ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है.

कब तक बंद रहेंगे रास्ते

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डीके गुप्ता ने बताया कि 25 जनवरी की रात 9 बजे से ट्रैफिक एडवाइजरी लागू हो जाएगी. बाहरी वाहनों की दिल्ली की सीमाओं में एंट्री पर प्रतिबंध रहेगा. केवल आवश्यक वाहनों को प्रवेश करने की इजाजत दी जाएगी. यह प्रतिबंध रविवार को गणतंत्र दिवस की परेड समाप्त होने तक लागू रहेगा.

इन सड़कों पर रहेगा प्रतिबंध

  • 25 जनवरी की शाम 5 बजे से परेड खत्म होने तक विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर वाहनों की आवाजाही पर पूर्णतः रोक रहेगी.
  • 25 जनवरी को रात 10 बजे से रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर परेड समाप्त होने तक कर्तव्य पथ की ओर जाने पर प्रतिबंध रहेगा.
  • ‘सी’-हेक्सागन-इंडिया गेट, 26 जनवरी को सुबह सवा 9 बजे से परेड के तिलक मार्ग पार होने तक यातायात के लिए बंद रहेगा.
  • 26 जनवरी की सुबह साढ़े 10 बजे से तिलक मार्ग, बी.एस.जेड मार्ग और सुभाष मार्ग पर दोनों दिशाओं में वाहनों की मूवमेंट पर रोक रहेगी. परेड की आवाजाही के आधार पर केवल क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति दी जाएगी.
यह भी पढ़े -  दिल्ली की सड़कों पर सुगम होगी आवाजाही, 4 नए फ्लाईओवर से छू- मंतर होगा ट्रैफिक जाम

परेड का रूट

गणतंत्र दिवस परेड की शुरुआत 26 जनवरी की सुबह साढ़े 10 बजे से होगी. यह परेड विजय चौक, कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, तिलक रोड और बहादुर शाह जफर रोड से होकर गुजरेगी, जिसका लाल किले पर समापन होगा. ऐसे में शनिवार यानि आज शाम 5 बजे से परेड की समाप्ति तक कर्तव्य पथ मार्ग सभी तरह के वाहनों के लिए बंद रहेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.