नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. इसी कड़ी में रिंग रोड पर मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर के आसपास लगने वाले जाम को दूर करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने एक योजना बनाई है. बता दें कि रिंग रोड पर हनुमान मंदिर में खासकर मंगलवार और शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं, जिसके चलते यहां फ्लाईओवर के नीचे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

इस समस्या से निजात दिलाने के लिए मंदिर के पास रिंग रोड पर स्काईवॉक बनाने की योजना है. यदि कोई तकनीकी अड़चन नहीं आई, तो मंदिर के पास जमुना बाजार रोड पर भी फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा. छत्ता रेल लाल बत्ती को बैक टू बैक यूटर्न से सिग्नल फ्री किया जायेगा क्योंकि लालकिला कश्मीरी गेट के बीच छत्ता रेल लाल बत्ती पर लगने वाले जाम से यमुना बाजार रोड पर हनुमान मंदिर तक यातायात प्रभावित होता है.
हमेशा रहता है जाम
हनुमान मंदिर के आसपास पैदल यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के चलते ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. खासकर मंगलवार को यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. वहीं, शनिवार को भी काफी भीड़ रहती है. ऐसे में मंदिर के आसपास के पूरे इलाके में ट्रैफिक संचालन पर प्रभाव पड़ता है. खासकर शाम के समय इसके चलते रिंग रोड पर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. यमुनापार से आकर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाला जमुना बाजार रोड पर भी जाम से हालात खराब हो जाते हैं. इस दौरान यातायात पुलिस को ट्रैफिक संचालन सुगम बनाने में पसीने छूट जाते हैं.
समस्या पर फोकस
पीडब्ल्यूडी पिछले कई सालों से इस समस्या के समाधान हेतु रणनीति बना रहा है, लेकिन किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंचा. अब दिल्ली की नवनिर्वाचित बीजेपी सरकार ने इस समस्या पर फोकस किया हैं. पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस समस्या का समाधान निकालने के उद्देश्य से यहां रिंग रोड पर हनुमान मंदिर फ्लाईओवर से उतरते ही स्काईवॉक बनाने की बात कही है.
इस स्काईवॉक के निर्माण पर करीब साढ़े 4 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान जताया गया है. जिसमें हनुमान मंदिर की तरफ दो तरफ से चढ़ने- उतरने का प्रविधान होगा जबकि दूसरी तरफ निगमबोध घाट और रिंग रोड बाईपास पर यानि दो प्वाइंट पर उतरने- चढ़ने का प्रविधान रहेगा.