नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ट्रैफिक जाम से कोई अछूता नहीं है लेकिन इससे लोगों को राहत दिलाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब दिल्ली की बीजेपी सरकार ने 4 नए प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू करने की योजना बनाई है. यदि सबकुछ ठीक- ठाक रहा तो अगले साल से धरातल पर इन प्रोजेक्ट्स को उतार दिया जाएगा.
न्यू रोहतक रोड पर एलिवेटेड रोड
दिल्ली सरकार ने अपनी योजना में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए न्यू रोहतक रोड पर रानी झांसी रोड (ईदगाह) से आनंद पर्वत तक एक एलिवेटेड रोड निर्माण की बात कही है. इससे सराय रोहिल्ला और आनंद पर्वत इलाकों में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी. इस क़दम से इलाके को ट्रैफिक जाम से दूर रखा जा सकेगा.
ट्रांसपोर्ट नगर तक एलिवेटेड कॉरिडोर
बाहरी दिल्ली में जीटी करनाल रोड, सिंघु बॉर्डर और हरियाणा के दूसरे हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए, सरकार मुकरबा चौक अंडरपास से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर तक लगभग 2.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना बना रही है. जल्द ही, इस परियोजना से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी की जाएगी.
मुकरबा बाईपास रोड का होगा निर्माण
पिछले कुछ सालों से मुकरबा चौक पर गाड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी से ट्रैफिक जाम में भी बढ़ोतरी हुई है. 1.5 किलोमीटर लंबे मुकरबा बाईपास रोड का प्रपोजल कई सालों से पाइपलाइन में हैं. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर वजीराबाद से हरियाणा जाने वाले वाहन मुकरबा चौक से गुजरे बिना नेशनल हाईवे का इस्तेमाल कर सकेंगे. इससे मुकरबा चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म हो जाएगी.
आनंद पर्वत औद्योगिक क्षेत्र से जखीरा फ्लाईओवर तक ट्रैफिक जाम का झंझट बढ़ता ही जा रहा है. सिर्फ पीक आवर्स ही नहीं बल्कि साधारण समय में भी यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है इसलिए दिल्ली सरकार यहां पर भी ट्रैफिक जाम का मकड़जाल हटाने की योजना बना रही है.
