नई दिल्ली | नए साल की पूर्व संध्या पर दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सफर करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी कर बताया है कि 31 दिसंबर की रात 8 बजे से कनॉट प्लेस में गाड़ियों की एंट्री पर रोक रहेगी. केवल वैध पास वाली गाड़ियों को ही कुछ निश्चित क्षेत्रों में एंट्री की अनुमति दी जायेगी. नए साल का जश्न समाप्त होने तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव और विशेष पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी.
कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहनों को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड, पटेल चौक आदि स्थानों से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी. गोल डाक खाना, काली बारी मार्ग, पंत मार्ग, कॉपरनिकस मार्ग, मिंटो रोड और विंडसर प्लेस जैसे स्थानों पर पार्किंग की सुविधा पहले आओ- पहले पाओ के आधार पर रहेगी.
इंडिया गेट पर रहेगा रूट डायवर्ट
न्यू ईयर सेलिब्रेशन के मौके पर इंडिया गेट पर पैदल यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए इंडिया गेट के आसपास भी विशेष व्यवस्था की गई है. क्यू- पॉइंट, मथुरा रोड- पुराना किला, मथुरा रोड- शेरशाह रोड, जाकिर हुसैन मार्ग, रफी मार्ग पंडारा रोड से यातायात को जरूरत पड़ने पर डायवर्ट किया जा सकता है. सड़क किनारे खड़े किए गए वाहनों को क्रेन से उठाकर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
वैकल्पिक रूट्स का करें इस्तेमाल
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल रोड, मंदिर मार्ग, रानी झांसी रोड या विंडसर प्लेस जैसे वैकल्पिक रूट्स का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. ट्रैफिक पुलिस ने अपने संदेश में स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने या नए साल के जश्न के दौरान हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा.
