नई दिल्ली | सार्वजनिक परिवहन के रूप में ट्रेन सेवा को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास हो रहे हैं. इसी कड़ी में जम्मू- कश्मीर और श्री माता वैष्णो देवी को देश के बाकी हिस्सों से कनेक्टिविटी देने के लिए एक और परियोजना पूरी हो रही है. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 जनवरी को श्रीनगर- कटरा के बीच संचालित होने वाली 3 ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
सफलतापूर्वक पूरा हुआ ट्रायल
उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि उधमपुर- श्रीनगर- बारामुल्ला रेल लिंक (USBRL) पर एक मेल एक्सप्रेस और 2 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित होगी. उन्होंने बताया कि इस रूट पर ट्रेनों का ट्रायल सफल रहा है. अब रेलवे कटरा- श्रीनगर ट्रेन लिंक को चालू करने के लिए तैयार हैं. यह सर्विस न केवल टूरिस्टों और श्रद्धालुओं को तेज स्पीड वाला सार्वजनिक परिवहन का कुशल साधन प्रदान करेगी, बल्कि कनेक्टिविटी बढ़ाने में भी कारगर साबित होगी.
श्रीनगर से कटरा के बीच 203KM का सफर
कटरा से श्रीनगर के बीच कुल 203 किलोमीटर की दूरी है और इस रूट पर 38 टनल और 927 ब्रिज का निर्माण किया गया है. यानि आधी दूरी तो टनल और ब्रिज से गुजरते हुए ही पूरी हो जाएगी. वहीं, रेलवे की ओर से शुक्रवार को कटरा- श्रीनगर रूट के लिए 3 ट्रेनों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है.
तीन ट्रेनें होगी संचालित
कटरा- श्रीनगर रूट पर पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा- श्रीनगर के नाम से संचालित होगी. बीच रास्ते यह ट्रेन रियासी, सवालकोट, संगलदान, रामबन, बनिहाल, काजीगुंज और बिजबेहरा स्टेशन पर ठहराव करेगी. यह ट्रेन कटरा से सुबह 8:10 बजे रवाना होकर 11:20 बजे श्रीनगर पहुंचेगी.
दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर 12:45 बजे श्रीनगर से रवाना होकर दोपहर 03:55 बजे कटरा पहुंचेगी. यह ट्रेन आवागमन में सप्ताह में 6 दिन संचालित होगी. वहीं, मेल एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी. यह ट्रेन सुबह 09:50 बजे कटरा से रवाना होकर दोपहर 01:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी. इसके बाद, दोपहर 3 बजे रवाना होकर शाम 06:20 बजे श्रीनगर पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में मेल एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 08:55 बजे श्रीनगर से रवाना होकर दोपहर 12:05 बजे कटरा पहुंचेगी.
